Rampur: शोहदे से परेशान छात्रा, आरोपी ने पहले की छेड़खानी, अब दे रहे हैं उठा ले जाने की धमकी
बताया जाता है कि 12 जनवरी को छात्रा उत्तराखंड सीमा पर स्थित एक कॉलेज जा रही थी। गांव के ही युवकों ने उसे रोका और छेड़छाड़ शुरु कर दी। आरोप है कि उसे रास्ते से जबरन उठाकर ले गए ओर नशे का सेवन कराया।
विस्तार
रामपुर के मसवासी क्षेत्र के एक गांव की छात्रा से कॉलेज जाते समय रास्ते में छेड़छाड़ कर उसकी अश्लील फोटो खींच लिए गए। घटना की मसवासी चौकी पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके चलते अब आरोपी उसे उठा ले जाने की धमकियां दे रहे हैं। धमकियां मिलने से छात्रा का कॉलेज जाने से डर रही है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के बाद अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है।
मामला मसवासी चौकी अंतर्गत एक गांव का है। बताया जाता है कि 12 जनवरी को छात्रा उत्तराखंड सीमा पर स्थित एक कॉलेज जा रही थी। गांव के ही युवकों ने उसे रोका और छेड़छाड़ शुरु कर दी। आरोप है कि उसे रास्ते से जबरन उठाकर ले गए ओर नशे का सेवन कराया जिसके बाद वह बेहोश हो गई और युवकों ने उसके अश्लील फोटो खींच लिए थे। बाद में किसी तरह छात्रा अपने घर पहुंची तब उसने परिजन को पूरी घटना की जानकारी दी थी।
परिजन उसकी बात सुनकर सन्न रह गए और वह छात्रा को लेकर मसवासी चौकी पहुंचे थे जहां गांव के ही कुछ युवकों को नामजद करते हुए तहरीर देदी गई थी। शिकायत किए आठ दिन से अधिक बीत गए लेकिन अभी तक प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके चलते आरोपी युवकों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अब युवक उसकी बेटी को उठाकर ले जाने की धमकी भी दे रहे हैं। इसके चलते खौफ से छात्रा का कॉलेज जाना जोखिम भरा हो गया है। पीड़िता ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर घटना की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।