रामपुर। दो बाइकों की भिड़ंत के बाद बाइक सवारों में मारपीट हो गई। इसमें बाइक सवार एक युवक और दूसरी बाइक पर सवार महिला और उसकी चार साल की बेटी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी पवन मंगलवार दोपहर को शाहबाद से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान शाहबाद के पैगुपुरा गांव निवासी शिवकुमार बुलेट से अपनी बहन पूजा और चार साल की भांजी राधिका को संभल के छावड़ा-भरतपुर से लेकर गांव जा रहा था। शाहबाद के चंदौसी रोड पर पवन की बाइक का हैंडल शिवकुमार की बाइक से टकरा गया। इससे दोनों बाइक सवार गिर गए। हादसे में पूजा और राधिका को चोट आई।
टक्कर से नाराज शिवकुमार ने अपनी बुलेट पवन के पैर पर चढ़ा दी, इससे पवन के पैर में गंभीर चोट आ गई। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शाहबाद भेज दिया। वहीं शिवकुमार की सूचना पर उसके परिजन सीएचसी पहुंच गए और पवन की पिटाई कर दी। बीच-बचाव कराने वालों को भी पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिवकुमार पक्ष के दो युवकों को दबोच लिया। अन्य युवक भाग गए। घायल पवन, पूजा और राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। पवन की बाइक दूसरे पक्ष के लोग भाग गए। पुलिस ने शिवकुमार पक्ष के दो लोगों को पकड़ लिया। साथ ही उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली।