रामपुर। नैनीताल हाईवे पर चलती कार में पत्थर टकरा गया, कार रोककर देखने के दौरान उसमें आग लग गई। इससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कार सवार चालक और उनका परिवार बाल-बाल बच गया। लोगों ने मदद कर आग को बुझाया, लेकिन तब तक कार काफी जल चुकी थी। उनका सामान भी जलकर राख हो गया था।
घटना गुरुवार की रात करीब 11 बजे की है। गुरुग्राम के पालम सेक्टर-22 निवासी विजय ढोंढियाल कार से उत्तराखंड के चकरपुर खटीमा जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी एकता शर्मा, दोस्त प्रदीप और प्रदीप की बहन पूनम और प्रदीप की सास थीं। अप्रैल माह में विजय के भाई गौरव की शादी है। इसी के चलते वे अपने भाई की शादी का कुछ सामान लेकर जा रहे थे। बिलासपुर गेट के पास कार से पत्थर टकरा गया और जोरदार आवाज आई, जिसके बाद विजय कार रोककर देखने लगे। कार में सवार बाकी लोग भी उतर गए। इस बीच कार में आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया था। वहीं, घटना की जानकारी पर गंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंज इंस्पेक्टर रामवीर सिंह यादव ने बताया कि कार में कोई चीज लगने की वजह से पेट्रोल की टंकी लीक हो गई थी। कार का इंजन गर्म था, जिस वजह से कार ने आग पकड़ ली। बताया कि आग लगने की वजह से काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।