जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: आजम खां की बढ़ी मुश्किलें, सपा नेता और बेटे अदीब समेत 11 पर आरोप तय
पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने आजम खां, उनके बेटे अदीब और अजहर खां समेत 11 आरोपियों पर आरोप तय किए हैं। यह मामला 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान की गई टिप्पणियों से जुड़ा है।
विस्तार
पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सपा नेता आजम खां, उनके बेटे अदीब आजम खां, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां समेत 11 आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। इस दौरान आजम रामपुर जेल से जबकि पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां बिजनौर जेल से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जुड़े। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 मई की तारीख निर्धारित की है।
यह मामला लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान दिए गए कथित आपत्तिजनक भाषण से जुड़ा है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में पुरुस्कार वितरण के दौरान जयाप्रदा के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं। इसे लेकर भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने जांच के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। बुधवार को मामले की सुनवाई कोर्ट में हुई। सुनवाई के दौरान कुछ आरोपी अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए, जबकि आजम खां और अजहर खां की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई। कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद आरोप तय कर दिए। अब कोर्ट में गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर सुनवाई आगे बढ़ेगी।
क्या है मामला?
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में रामपुर सीट पर मुकाबला बेहद चर्चित रहा था। भाजपा प्रत्याशी के रूप में जयाप्रदा मैदान में थीं, जबकि सपा से आजम खां उम्मीदवार थे। चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम में सपा नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में शहर विधायक आकाश सक्सेना की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इन पर तय हुए आरोप
सपा नेता आजम खां, बेटे अदीब खां, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां, शाहनबी उर्फ रानू खां, ओमेंद्र सिंह चौहान, सैयद असलम आकिब, सलमान अहमद, मुराद खां, महबूब उर्फ हीरो, कैप्टन वसीम, आमिर।