Azam Khan: डूंगरपुर बस्ती में मारपीट-डकैती केस में फैसला आज संभव, जेल में बंद सपा नेता आजम समेत अन्य हैं आरोपी
रामपुर की डूंगरपुर बस्ती में मारपीट, डकैती और आपराधिक षड्यंत्र रचने के मामले में बुधवार को फैसला आ सकता है। सेशन कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई है। मामले में सपा नेता आजम खां और पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां समेत अन्य आरोपी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सपा नेता आजम खां के एक और मामले में बुधवार को फैसला आ सकता है। यह मामला डूंगरपुर बस्ती में घर में घुसकर मारपीट व डकैती और आपराधिक षड्यंत्र रचने का है। मंगलवार को इस मामले में सेशन कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई है। कोर्ट ने सपा नेता आजम खां और पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां को जेल से बुधवार को तलब कर लिया है।
गंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के 12 मुकदमे वर्ष 2019 में दर्ज हुए थे। इनमें सपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, ठेकेदार बरकत अली, रिटायर्ड सीओ आले हसन, फिरोज खां, रानू खां, धर्मेंद्र चौहान, फसाहत अली खां शानू व आजम खां आरोपी हैं। इस मामले में मंगलवार को सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान सपा नेता और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की ओर से बहस की गई। दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई है। कोर्ट अब बुधवार को इस मामले में फैसला सुना सकती है। सहायक शासकीय अधिवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि मंगलवार को इस मामले की सुनवाई पूरी हो गई।
बुधवार को इस मामले में कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। कोर्ट ने सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खां और बिजनौर जेल में बंद पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां को व्यक्तिगत तौर पर तलब किया है। सुनवाई के दौरान दोनों ही नेता जेलों से वीडियो कांफ्रेसिंग से जुड़े।
अब्दुल्ला के पैन कार्ड मामले में दो की हुई गवाही
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड मामले में मंगलवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान गवाह गुलवेज और इकबाल फारुख ने कोर्ट पहुंचकर गवाही दी। कोर्ट ने जिरह के लिए अब दो फरवरी की तारीख तय की है।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने अब्दुल्ला के खिलाफ दो पैन कार्ड रखने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। यह मामला एमपीएमएलए कोर्ट में विचाराधीन है। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया कि दो गवाहों की मुख्य परीक्षा पूरी हो गई है। कोर्ट ने जिरह के लिए दो फरवरी की तारीख तय की है।