रायबरेली: राहुल ने अफसरों को दिखाईं जर्जर सड़कों की तस्वीरें, कहा- यूपी के साथ भेदभाव कर रही मोदी सरकार
राहुल गांधी ने कहा, मोदी सरकार यूपी के साथ भेदभाव कर रही है। राहुल ने डीएम से सीआरएफ से जिले को मिली सड़कों की संख्या पूछी, लेकिन वे इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
विस्तार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में जर्जर सड़कों और गड्ढों को लेकर अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से पूछा कि यदि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) का क्रियान्वयन अच्छा है तो ये सड़कें खराब क्यों हैं?
अधिकारी केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) से जिले को मिली सड़कों की जानकारी भी नहीं दे सके। राहुल ने कहा कि राज्य सरकार ने सीआरएफ फंड के तहत जो प्रस्ताव भेजे थे, केंद्र सरकार ने सभी निरस्त कर दिए। कहा, मोदी सरकार यूपी के साथ भेदभाव कर रही है। राहुल ने डीएम से सीआरएफ से जिले को मिली सड़कों की संख्या पूछी, लेकिन वे इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। एक विधायक ने महाराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग का उल्लेख किया तो डीएम ने बताया कि यह सड़क सुल्तानपुर डिवीजन में आती है। खास बात यह रही कि सुल्तानपुर डिवीजन के अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं थे। बैठक में खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, अमेठी सांसद केएल शर्मा आदि मुख्य रूप से शामिल थे।
ये भी पढ़ें - राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- वो रोज बदलते हैं फॉर्मूला, नीला रंग अपनाने से दलित वोट नहीं मिलने वाला
ये भी पढ़ें - यूपी मौसम: मानसून ने बदली चाल, भारी बारिश पर लगा ब्रेक; अब गर्मी और उमस करेगी परेशान, जानें अगले 7 दिन का हाल
इन सड़कों की दिखाईं तस्वीर
राहुल ने पीएमजीएसवाई के तहत बनीं कुचरिया-विश्वनाथगंज, भवानीगढ़-बहुधा, डलमऊ-जगतपुर, दरीबा-कठघर और सुल्तानपुर खेड़ा-सहजौरा सड़कों की तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने पूछा कि सड़क की मरम्मत के लिए क्या राज्य सरकार पैसा देती है। इसके बाद उन्होंने डीएम को खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सपाइयों ने उठाए सवाल, जब सुधार नहीं तो बैठक का क्या मतलब
इसके पहले, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की दिशा की बैठक से पहले बुधवार को रायबरेली में सपा विधायकों ने प्रदर्शन किया। बैठक शुरू होने से पहले सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने पोस्टर-बैनर लहराते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सपा विधायकों ने सवाल उठाया कि जब लोगों की समस्याएं जस की तस हैं तो दिशा की बैठक का क्या औचित्य है।
राहुल गांधी के पहुंचने से पहले पुलिस ने विधायकों से पोस्टर छीन लिए। बैठक में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी का डीएम सरनीत कौर और एसपी रवि कुमार ने स्वागत किया। बैठक के दौरान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे राहुल गांधी के अगल-बगल बैठे नजर आए।