तीन घरों से उड़ाया साढ़े छह लाख का माल
कोतवाली क्षेत्र के बंधन सिंह का पुरवा व चकचोरहिया मजरे मीठापुर गांव में चोरों ने शुक्रवार रात तीन घरों से नगदी समेत साढ़े छह लाख रुपये का माल पार कर दिया।
एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पूरे बंधन सिंह गांव निवासी रामखेलावन पटेल ने बताया कि चोर घर के पीछे से छत पर आए और चैनल का ताला तोड़कर घर में घुस गए। जिन कमरों में लोग सो रहे थे, चोरों ने उनको बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोर घर में रखे छह बक्से, एक सूटकेस उठा ले गए।
पीड़ित ने बताया कि चोर 28 हजार रुपये नगद के अलावा सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। पीड़ित ने बताया कि गांव से 500 मीटर दूर बाग में बक्सों व सूटकेस का ताला टूटा हुआ मिला।
यहां चांदी का एक सिक्का और 5630 रुपये पड़े मिले। चोरों ने नगदी समेत चार लाख रुपये का माल पार कर दिया। चकचोरहिया गांव की निवासी देवरती ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे।
इसके बाद तीन बक्सों का ताला तोड़ा और 13 हजार रुपये नगद सहित जेवर चुरा ले गए। जाते समय चोर अपने साथ एक बक्सा व एक सूटकेस ले गए। जो सुबह गांव के बाहर पड़े मिले।
उधर देवरती के देवर मेड़ीलाल के घर पर भी चोरों ने हाथ साफ किया। चोरों ने मेड़ीलाल के घर में तीन बक्सों का ताला तोड़ा और 30 हजार नगद सहित सोने-चांदी के जेवर आदि सामान चुरा ले गए।
दोनों घरों से चोरों ने ढाई लाख रुपये का सामान पार किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
किसान के घर में नकब लगा लाखों की चोरी
खीरों। थाना क्षेत्र के सरायं मिश्रन मजरे गहिरी गांव में शुक्रवार रात चोरों ने नकब लगाकर किसान के घर से तीन लाख रुपये का सामान पार कर दिया। परिवारीजन सुबह उठे तो घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। गांव का किसान महेश यादव और उसके परिवारीजन घर के कमरों में सो रहे थे। इसी बीच दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर घुस गए।
जहां परिवारीजन सो रहे थे, उन कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए और फिर ढाई लाख के जेवर, 15 हजार रुपये नगद और करीब 35 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। सुबह घर वालों की नींद खुली तो दरवाजे बंद थे। ग्रामीणों ने पहुंचकर दरवाजे खोले।
किसान के घर से चुराए गए बक्से गांव के बाहर खेतों में पड़े मिले, लेकिन उनका सामान गायब था। एसओ आरके शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है।