फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Raebareli News ›   Counting of Panchayat by-elections held at Block Headquarters

ब्लॉक मुख्यालयों पर हुई पंचायत उपचुनाव की मतगणना

Mon, 14 Jun 2021 10:55 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Mon, 14 Jun 2021 10:55 PM IST
विज्ञापन
Counting of Panchayat by-elections held at Block Headquarters
रायबरेली। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में ताल ठोकने वाले दावेदारों के भाग्य का फैसला सोमवार को हो गया। एक-एक करके मतपेटियों से प्रत्याशियों का भाग्य खुलता गया। जीत मिलने पर दावेदार खुशी से झूम उठे जबकि हार मिलने पर प्रत्याशी मायूस दिखे।
विज्ञापन

छतोह द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी कमला देवी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अवधेश सावंत को 98 मतों से शिकस्त देकर विजेता बनीं। इस सीट पर पहले कमला देवी के पति एवं पूर्व कर आयुक्त बृजलाल पासी ने चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हालांकि मतगणना से पहले ही उनका निधन हो गया और यह सीट खाली हो गई थी।
विज्ञापन

अब उप चुनाव में उनकी पत्नी कमला देवी ने जीत हासिल करके सभी को चौंका दिया। कमला देवी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से संभावित दावेदार मानी जा रही हैं। उनके चुनाव जीतने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर घमासान शुरू होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

डलमऊ प्रथम से डीडीसी पद की निर्दलीय प्रत्याशी खुशबू ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रदीप कुमार सोनकर को 2138 मतों से करारी शिकस्त दी। खुशबू को 7846 मत प्राप्त हुए जबकि प्रदीप कुमार सोनकर को 5708 मत प्राप्त हुए। इस सीट पर विजेता प्रत्याशी खुशबू के पति सत्येंद्र कुमार ने जीत हासिल की थी लेकिन उनका निधन हो गया था। इससे यह सीट खाली हो गई थी। पंचायत उपचुनाव में जनता ने दिवंगत सत्येंद्र की पत्नी पर भरोसा जताते हुए उन्हें जीत दिलाई।
कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक मुख्यालयों पर पंचायत उपचुनाव की मतगणना कराई गई। छह प्रधान, एक बीडीसी, दो डीडीसी और 372 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उपचुनाव हुआ था। कुल 381 पदों के 792 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिनके भाग्य का फैसला वोटरों ने किया।
उधर, डलमऊ प्रथम से डीडीसी प्रत्याशी पुष्पा ने मतगणना के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाकर मतगणना स्थल पर जमकर हंगामा काटा। पुष्पा ने आरोप लगाया कि एक जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी को जिताने के लिए मतगणना में गड़बड़ी की जा रही है। पुष्पा ने आरोप लगाया कि 17 टेबल पर मतगणना हो रही है और गणना के लिए केवल तीन एजेंट बनाए गए हैं।
उपजिलाधिकारी डलमऊ विजय कुमार के समक्ष पुष्पा ने आरोप लगाते हुए खूब खरी-खोटी सुनाई। मौके पर उपस्थित कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने डीडीसी प्रत्याशी को शांत कराया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई गई।
सरेनी में ब्लॉक मुख्यालय पर पंचायत चुनाव की मतगणना कराई गई। रावतपुर कला गांव से प्रधान पद के प्रत्याशी आदित्य कुमार सिंह के सिर जीत का सेहरा बंधा। आदित्य ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद सिंह को 374 मतों के अंतर से पराजित किया। रावतपुर कला गांव के प्रधान पद के उम्मीदवार एवं विजेता प्रत्याशी के पिता के निधन से यह सीट खाली हो गई थी।
मतगणना में आदित्य को 746 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद सिंह को 372 मत से संतोष करना पड़ा। इस तरह से आदित्य 374 मतों के अंतर से निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने आदित्य को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
ऊंचाहार संवाद के अनुसार क्षेत्र पंचायत सदस्य सांवापुर नेवादा द्वितीय सीट आखिरकार भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अभिलाष चंद्र कौशल के पास ही है। इस सीट पर उनके छोटे भाई मनीष कौशल ने जीत हासिल की है।
इसके पहले हुए चुनाव में इस सीट पर अभिलाष चंद्र कौशल ने परचम लहराया था लेकिन मदारीपुर से भी बीडीसी सदस्य चुने जाने के बाद सांवापुर नेवादा द्वितीय सीट से इस्तीफा दिया था। इससे यहां उपचुनाव कराया गया।
अभिलाष चंद्र कौशल ऊंचाहार ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार माने जा रहे हैं। मनीष कौशल को 410 मत जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश कुमार को 315 मत प्राप्त हुए हैं। इस तरह मनीष ने 95 मतों से जीत हासिल की।
बछरावां संवाद के अनुसार ग्राम पंचायत चुरुआ में प्रधान के रिक्त पद पर हुए चुनाव में रोशनी त्रिवेदी 720 मत पाकर विजयी रहीं। उनकी प्रतिद्वंद्वी राकेश कुमारी को 431 मत मिले। नवनिर्वाचित प्रधान रोशनी की सास आशा त्रिवेदी की मौत त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना से पूर्व हो गई थी। मतगणना में आशा विजयी घोषित हुई थीं। जीत पर रोशनी ने खुशी जताई।
खीरों संवाद के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय पर गहमागहमी के बीच मतगणना कराई गई। खीरों ग्राम पंचायत के प्रधान पद पर राजरानी ने जीत हासिल की। राजरानी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बजरंगी को 863 वोट से हराया। राजरानी को कुल 2375 मत मिले जबकि बजरंगी को 1512 व सुरेश चौधरी को 1099 मत मिले।
रामबरन पासी की हत्या कर दी गई थी लेकिन चुनाव वह जीत गए थे। इस बार उनकी पत्नी मैदान में कूदीं और जीत हासिल की। ग्राम पंचायत सदस्य पद के परिणाम भी घोषित किए गए। आरओ सनी सिंह ने विजेता दावेदारों को जीत का प्रमाण पत्र दिया। उपजिलाधिकारी लालगंज विनय मिश्रा, खंड विकास अधिकारी केके सिंह व प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन ने मतगणना स्थल का जायजा लिया।
राही संवाद के अनुसार ब्लॉक सभागार में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हुई। चकरार ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर अजय कुमार ने जीत हासिल की। चुनाव जीत हासिल करने के बाद अजय कुमार के भाई राजेश कुमार का निधन हो गया था। इस पर अजय चुनाव मैदान में कूदे थे और जीत हासिल की। कंचौदा मोहद्दीनपुर में उर्मिला देवी विजयी हुईं।
प्रधान पद पर जीत दर्ज कराने के बाद उर्मिला के पति की मौत हो गई थी। इस पर उर्मिला स्वयं मैदान में कूदीं और जीत हासिल करके सबको चौंका दिया। बीडीओ जेनिथकांत ने बताया कि सकुशल मतगणना कराई गई।
डीह संवाद के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को टेकारी सहन गांव के वार्ड नंबर नौ की ग्राम पंचायत सदस्य पद की मतगणना चल रही थी। इसमें जीत रहे उम्मीदवार के पक्ष में एक वोट में मुहर लाइन के पास लगी थी जिसको गणना कर्मियों ने इनवैलिड करके बाहर कर दिया। इसको लेकर अभिकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए नोकझोंक शुरू कर दी।
मामला आरओ गजेंद्र सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने वोट को वैलिड करके मामला शांत कराया तब मतगणना शुरू हुई। आरओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि बैलेट पेपर पर मुहर लाइन के पास लगी थी जिसको लेकर असमंजस की स्थिति थी लेकिन चुनाव चिह्न पर लगी मुहर का ज्यादा हिस्सा उम्मीदवार के पक्ष में था जिसको वैलिड करके मामला शांत कराया गया।
सरेनी संवाद के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय पर मतगणना के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब दूलापुर वार्ड नंबर छह में ग्राम पंचायत सदस्य की प्रत्याशी महेश्वरी व सुषमा देवी को बराबर 30-30 मत मिले। इस पर लॉटरी के तहत हार और जीत का फैसला हुआ। इसमें सुषमा जीत हासिल करने में सफल रहीं।
सलोन संवाद के अनुसार विकासखंड सलोन क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों में 35 वार्डों के लिए ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हुई मतगणना में कपूरीपुर व तिवारीपुर में बराबर मत होने से टॉस किया गया। इसमें कपूरीपुर से रीता देवी व तिवारीपुर से अमरेंद्र कुमार विजयी घोषित हुए।

महराजगंज-जगतपुर संवाद के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हुई। चार ग्राम पंचायतों में छह ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हुए चुनाव के बाद मतगणना कराई गई। उधर, जगतपुर ब्लॉक मुख्यालय पर भी गहमागहमी के बीच मतगणना कराई गई। जीत हासिल करने पर दावेदार खुशी से झूम उठे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed