यूपीपीसीएस मेंस के अभ्यर्थियों को झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीसीएस-2013 मुख्य परीक्षा के अभ्यर्थियों को कई स्तर पर झटका लगा है। सैकड़ों अभ्यर्थियों का फॉर्म जालसाजों द्वारा भर दिए जाने से दुविधा की स्थिति बन गई है।
बहुत कम समय मिलने तथा दो बड़ी भर्ती परीक्षाएं पीसीएस मेंस और लोअर इंटरव्यू एक साथ पड़ने से पीसीएस अभ्यर्थियों के सामने तैयारी बड़ी चुनौती है। अब फॉर्म में गड़बड़ी की वजह से वे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
लोअर सबऑर्डिनेट-2009 का साक्षात्कार 11 जून से शुरू होगा, जो 26 जुलाई तक चलेगा। जबकि, मुख्य परीक्षा एक जुलाई से है। कई तिथियां आपस में टकरा रही हैं।
जालसाजों ने खड़ी की नई परेशानी
चूंकि दोनों भर्तियों के लिए योग्यता तथा परीक्षा प्रारूप एक जैसा है इसलिए लाखों प्रतियोगी दोनों भर्तियों की परीक्षा में शामिल हुए और कई शुरुआती परीक्षाओं में सफल भी हुए हैं। अब इन्हें पीसीएस मेंस तथा लोअर सबऑर्डिनेट दोनों में शामिल होना है।
इसके अलावा पीसीएस मेंस के अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए भी मात्र 38 दिन मिले हैं। उधर मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों का फॉर्म किसी और ने भर दिया है। खास यह कि जालसाजों ने उनके विषय कोड ही बदल दिए हैं।
ऐसे में प्रतियोगी तैयारी के बजाय संशोधन कराने के लिए आयोग और थाने का चक्कर काट रहे हैं।
प्रतियोगियों के एक तबके पर है संदेह
आयोग के अफसरों के रुख से साफ है कि विषय में संशोधन कराना आसान नहीं होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले सिद्ध करना होगा कि उनके साथ धोखा हुआ है। ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने अनिश्चितता की स्थिति बन गई है।
इतना ही नहीं जालसाजों ने कई के परीक्षा केंद्र भी बदल दिए हैं। इससे उन्हें अब दूसरे जिले में परीक्षा भी देनी पड़ सकती है। इस खेल के पीछे अभ्यर्थी भर्ती फंसाने की साजिश भी देख रहे हैं।
आलोक, राकेश आदि पीड़ित अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रतियोगियों का एक तबका आयोग को बदनाम कर भर्तियों को एक बार फिर लंबित करने की कोशिश में जुटा है।
पीसीएस मेंस में जालसाजों का खेल
पीसीएस-2013 मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन को लेकर नया खेल सामने आया है। कई अभ्यर्थियों का फॉर्म किसी दूसरे ने भर दिया है। खास यह कि साजिश करने वालों ने अभ्यर्थियों के विषय ही बदल दिए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि ज्यादातर मामले मम्फोर्डगंज में सामने आए हैं।
पीड़ित अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में इसकी शिकायत के साथ विषय संशोधित करने का ज्ञापन भी सौंपा। एक अभ्यर्थी ने सिविल लाइंस थान में तहरीर भी दी है। हालांकि इसके पीछे जालसाजों का मकसद अभी सामने नहीं आया है।
दरअसल, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन के तीन चरण हैं। पहले रजिस्ट्रेशन कराना होता है। फिर चालान जमा करके फॉर्म भरना होता है। रजिस्ट्रेशन के समय ही मुख्य परीक्षा में चुने गए वैकल्पिक विषयों तथा परीक्षा केंद्र का विवरण भरना होता है। रजिस्ट्रेशन के दौरान भरे विषय और केंद्र में दोबारा बदलाव नहीं किया जा सकता। जालसाजों ने पूरा खेल रजिस्ट्रेशन के दौरान ही किया है। अभ्यर्थी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि वह इतिहास और दर्शनशास्त्र से मुख्य परीक्षा में बैठना चाहते हैं। वह फॉर्म भरने साइबर कैफे पहुंचे तो पता चला कि किसी और ने उनका रजिस्ट्रेशन कर दिया है।