up election 2022 : बाबागंज विधानसभा में राजाभैया को घेरने की तैयारी में भाजपा
2017 के चुनाव में निर्दल प्रत्याशी विनोद सरोज की जीत का अंतर कम होने के बाद बूथ मजबूत करने में जुटी बीजेपी।
विस्तार
लंबे समय से राजाभैया के प्रभाव वाली बाबागंज विधानसभा सीट पर 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नजरें गड़ा रखी हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में राजाभैया समर्थित प्रत्याशी विनोद सरोज की जीत का अंतर कम होने से मिली संजीवनी के बाद भाजपा इस विधानसभा में बूथ मजबूत करने में जुटी है। स्थानीय स्तर पर बीजेपी नेताओं ने जहां पूरी ताकत झोंक रखी है, वहीं पार्टी की तरफ से भी बाबागंज और कुंडा में भाजपा को मजबूत करने के लिए राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त सुनील भराला को प्रभारी बनाकर भेजा गया है।
जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया कुंडा विधानसभा से लगातार रिकार्ड मतों से जीत हासिल करते चले आ रहे हैं। वह 1993 से इस सीट से लगातार विधायक हैं। बगल की बाबागंज सुरक्षित विधानसभा सीट पर भी उनका सीधा दखल रहता है। लगातार पांच बार से यहां से राजाभैया समर्थित प्रत्याशी ही चुनाव जीतते रहे हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा समेत अन्य दलों का यहां प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा, लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां मुकाबले में नजर आई।
इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर को भी बाबागंज विधानसभा में मतदाताओं का साथ मिला। 2017 के विधानसभा चुनाव में राजाभैया समर्थित विधायक विनोद सरोज की जीत का अंतर 2012 के मुकाबले में कम हो गया। इसके बाद से भाजपा की इस सीट पर सीधी नजर है। 2022 के विधानसभा चुनाव में राजाभैया को घेरने के लिए भाजपा एक साल से बूथ स्तर पर मेहनत कर रही है।
सभी बूथों पर दस युवाओं की टीम बनाई गई है। जिनका सत्यापन भी किया जा चुका है। चुनाव के दिन बूथ की कमान इन्हीं युवाओं के हाथ में होगी। भाजपा नेताओं का तर्क है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में उतरे पवन कुमार गौतम ने राजाभैया समर्थित प्रत्याशी विनोद सरोज को टक्कर दी थी। विनोद सरोज को कुल 87778 मत मिले थे जबकि भाजपा प्रत्याशी पवन को 50618 मत मिले थे।
नेतृत्व के निर्देश पर लगातार पार्टी के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बूथों को मजबूत करते हुए सभी गांवों में बूथ स्तर पर चुनाव कमेटियों का गठन किया गया है। अभी से चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। - हरिओम मिश्र, जिलाध्यक्ष, भाजपा
वर्ष 2017 में बाबागंज विधानसभा चुनाव का परिणाम
उम्मीदवार का नाम दल मिले मत
विनोद कुमार निर्दल 87778
पवन कुमार भाजपा 50618
दयाराम बसपा 17205
रामसरन निर्दल 3386
संजय कुमार बहुजन मुक्ति पार्टी 3351
सीताराम निर्दल 2298
कुंवर भारती निर्दल 1936
नोटा 1403