फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   Truck driver shot dead in Hansi Parji

Pratapgarh News: हैंसी परजी में ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या

Sat, 03 Jun 2023 11:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़
संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़ Updated Sat, 03 Jun 2023 11:41 PM IST
विज्ञापन
Truck driver shot dead in Hansi Parji
मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी परजी बाजार में शनिवार की सुबह पुरानी रंजिश में चाय पीने पहुंचे ट्रक चालक रोशन (32) की बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से आक्रोशित लोगों ने बाजार में जाम लगा दिया। विरोध करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। हालांकि मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों के समझाने पर लोग मान गए। बवाल की आशंका को देखते हुए मौके पर देल्हूपुर, मानधाता संग पीएसी मुस्तैद है।
विज्ञापन

मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर निवासी रोशन ट्रक चालक है। वह शुक्रवार को ही अपने घर आया था। शनिवार की सुबह करीब सात बजे बाइक से हैंसी बाजार चौराहे पर स्थित एक दुकान पर चाय पी रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक से तीन युवक पहुंचे। वे चाय पी रहे रोशन से कहासुनी के साथ गाली गलौज करने लगे। उनकी मंशा भाप रोशन जान बचाकर भागा। रास्ते में बिजली के पोल से टकराकर गिर गया।
विज्ञापन

उसके पीछे दौड़े बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी। जिससे बाजार में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी भाग निकले। घायल रोशल को सीएचसी मानधाता ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते हैंसी बाजार आकर सड़क पर ही बैठ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

पत्नी समेत घर की महिलाओं व बच्चों के करुण क्रंदन से कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद मानधाता पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर किनारे किया। लोग आरोपियों का घर गिराने समेत सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। घटनास्थल का अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी विद्या सागर मिश्रा और सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने फारेंसिक टीम के साथ निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
दोपहर में फिर महिलाओं संग ग्रामीणों ने तीसरी बार जाकर जाम लगा दिया। अफसरों ने सभी को भरोसा दिलाया कि हत्यारोपी दस घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जिसके बाद परिजन संग ग्रामीण घर रवाना हुए।
तनाव को देखते हुए महिला पुलिस के साथ ही मानधाता, देल्हूपुर व पीएसी मुस्तैद रही। एएसपी पूर्वी विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बारह बोर के असलहे से मारी थी गोली, पुलिस रही मुस्तैद
हैंसी परजी बाजार में रंजिश के चलते आरोपियों ने बारह बोर के असलहे से गोली सीने पर मारी थी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर में बारह बोर के छर्रे मिले हैं।
तनाव को देखते हुए अस्पताल से लेकर मार्चरी तक देल्हूपुर, मानधाता संग कोतवाली पुलिस मुसतैद रही। पुलिसकर्मी शव वाली एंबुलेंस के पीछे-पीछे मिश्रपुर भी पहुंचे।
इनसेट--------
बाजार के लोगों ने दिखाई होती हिम्मत तो बच जाती रोशन की जान
शनिवार की सुबह हैंसी परजी बाजार में ट्रक चालक रोशन की गोली मारकर हत्या किए जाने से लोग सहमे हैं। बाजार के लोग खौफजदा हैं। लोगों का कहना था कि दुकान व आसपास मौजूद लोग यदि रोशन का पीछा कर रहे बदमाशों को रोकने की कोशिश करते तो शायद घटना न होती।
मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। मृतक के मिलनसार व्यवहार के चलते हर कोई घटना से आक्रोशित नजर आया।


तीन बच्चों के सिर से छिन गया पिता का साया
मृतक रोशन से बड़े भाई शरीफ, मुज्जमिल,रैसुल, मुकीम थे। जबकि रुस्तम उससे छोटा था। एक दशक पूर्व पिता की मौत के बाद सभी भाइयों ने मिलकर मकान बनाया और अपने परिवार की माली हालत सुधारने में कामयाब रहे। मृतक की पत्नी शबाना, बेटा अरशद, लारिफ व बेटी बेटी लतीफा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। तीनों के सिर से पिता का साया सदा के लिए छिन गया।


रिश्तेदार से शु्क्रवार की शाम मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचा था रोशन, साल भर पहले से छिड़ी थी अदावत
मानधाता। साल भर पुराने विवाद की खुन्नस को लेकर शुक्रवार को भी मृतक रोशन के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। मृतक के रिश्तेदार जावेद के अनुसार साल भर पहले मामूली बातचीत को लेकर अल्ताफ व गांव के महफूज और साहेब अली से उसका विवाद हो गया था।
बृहस्पतिवार की शाम वह गुजरात से घर आया था। शुक्रवार को वह अपनी बाइक लेकर जेठवारा सर्विस कराने गया था। करीब चार बजे वह अपनी बाइक लेकर गांव के समीप ईंट भट्ठे पर पहुंचा। जहां पहले ही मौजूद महफूज, साहेब उसे मारने पीटने लगे।
शोर शराबा सुनकर परिवार के लोगों के अलावा रोशन ने पहुंचकर बीच-बचाव किया। बाद में मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कई लोगों ने समझौते का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस आरोपियों के घर दबिश देने पहुंच गई।
वे घर पर नहीं मिले। बीच-बचाव करने के दौरान जावेद के आगे आने से आरोपियों ने उसे ही दुश्मन मान लिया। इस तरह की वारदात से बेफिक्र होकर रोशन चाय पीने बाजार पहुंचा। उसे यह नहीं मालूम था कि बाजार में चाय के बहाने मौत उसका इंतजार कर रही है।


पत्नी बोली- भिंड़ी, केचुल और साहेब ही सबकुछ करे अहयं
हैसी परजी बाजार में जुटी भीड़ रोशन की हत्या से आक्रोशित थी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से मृतक की पत्नी सगीना कहती रही कि साहेब मिश्रपुर के भिंडी, शिवरा के साहेब और मनेहू के केचुल ने ही घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने शुक्रवार को भी भिंड़ी के घर दबिश दी थी। आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार को हुए विवाद व पुलिस की कार्रवाई से वह अपने को अपमानित महसूस कर रहा था। जिसके बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।






00000 हैंसी परजी में ट्रक चालक की हत्या की खबर का जोड़

छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, तीन हिरासत में मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर निवासी रोशन की हैंसी परजी में गोली मारकर हत्या के मामले में भाई रुस्तम की तहरीर पर पुलिस ने शिवरा निवासी साहब अली, नईम, मिश्रपुर निवासी महफूज व मनेहू निवासी इजहार उर्फ केचुल और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। परिवार व रिश्तेदारों के रविवार को पहुंचने के बाद ही शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed