प्रतापगढ : वर्दी की धमक दिखाकर वसूली करते थे तीनों सिपाही, पहले भी कई मामलों में आ चुका है नाम
आरोपी सिपाही राहुल सिंह, राकेश सिंह और धर्म धुरंधर गुप्ता दो साल पहले दहिलामऊ में किराये के मकान में एक साथ रहते थे। जिले में तीनों की छवि खराब थी। सिविल लाइंस पुलिस चौकी में तैनाती के तीन माह के भीतर ही सिपाही राकेश अपने साथी सिपाही विष्णु के साथ शहर के एक व्यापारी को कमरे पर उठा ले गया।
विस्तार
प्रयागराज में हाथरस के सराफा व्यापारी को लूटने के लिए तीनों सिपाहियों ने सप्ताह भर पहले योजना बनाई थी। जिले में भी इनकी छवि काफी खराब थी। शहर के एक कारोबारी से पचास हजार रुपये ऐंठने के मामले में सिपाही राहुल को एसओजी ने दस घंटे हिरासत में रखा था। बाद में मामला रफदफा कर दिया गया।
आरोपी सिपाही राहुल सिंह, राकेश सिंह और धर्म धुरंधर गुप्ता दो साल पहले दहिलामऊ में किराये के मकान में एक साथ रहते थे। जिले में तीनों की छवि खराब थी। सिविल लाइंस पुलिस चौकी में तैनाती के तीन माह के भीतर ही सिपाही राकेश अपने साथी सिपाही विष्णु के साथ शहर के एक व्यापारी को कमरे पर उठा ले गया।
पिस्टल लेकर चलने वाला राकेश ने खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर व्यापारी से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए थे। उनके चंगुल से छूटने के बाद व्यापारी ने तत्कालीन एसओजी प्रभारी मृत्युंजय मिश्रा से मिलकर आपबीती सुनाई। छानबीन के दौरान रुपये ऐंठने वाले सिपाही राकेश व विष्णु को एसओजी उठा ले गई।
जानकारी मिलने के बाद चौकी प्रभारी अमरनाथ राय मामले को रफा-दफा करने में जुट गए। दस घंटे तक एसओजी की गिरफ्त में रहने के बाद सिपाही राकेश व विष्णु छूटे थे। इसके बाद भी मनबढ़ राकेश मौका पाते ही लोगों से रुपये ऐंठा करता था। शिक्षक की नौकरी मिलने के बाद विष्णु ने सिपाही की नौकरी से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद राकेश का साथी राहुल व धर्म धुरंधर से संपर्क बढ़ गया।
प्रयागराज में व्यापारी से लूट करने के लिए राहुल की बुलेट से रात सवा आठ तीनों प्रतापगढ़ से निकले थे। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि सिपाहियों की पूर्व की शिकायतों की भी जांच कराई जा रही है। सीओ लाइन प्रभात कुमार को जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
चौकी प्रभारी व नगर कोतवाल की एसपी ने लगाई क्लास
सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही राकेश के ड्यूटी खत्म होने से एक घंटे पहले गायब होने के बाद भी छानबीन न करने पर एसपी ने चौकी प्रभारी व नगर कोतवाल की जमकर क्लास लगाई। चेताया कि सभी पुलिसकर्मियों की हर दिन गणना कर उन्हें पुलिस के अनुशासन व दायित्वों की जानकारी दी जाए।
गणना में गायब मिला धर्म धुरंधर, लिखाई रपट
सोमवार सुबह आठ बजे पुलिस लाइन में गणना के दौरान आरक्षी धर्म धुरंधर गायब मिला। उसे बंदियों को जेल से न्यायालय पेशी पर लेने जाना था। गायब देख आरआई ने उसके खिलाफ रपट लिखा दी।
पत्नी व बच्चों से अलग रहता है धर्म धुरंधर, ऑडियो किया था वायरल
पुलिस लाइन में तैनात रहा सिपाही धर्म धुरंधर पत्नी व तीन बच्चों से अलग रहता है। नौकरी के दौरान उसकी दूसरे जिलों में भी जांच चल रही है। कोहड़ौर में तैनाती के दौरान उसने आईपीएस अतुल शर्मा से बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया था। जिसके बाद उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था।