प्रतापगढ़ : ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ, जनसत्ता दल और भाजपा को सात-सात सीटें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में करारी हार के बाद ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सत्ताधारी भाजपा काफी हद तक अपना गढ़ बचाने में कामयाब रही। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के विधानसभा क्षेत्र पट्टी की चार और विधायक धीरज ओझा के विधानसभा क्षेत्र रानीगंज की दो सीटों समेत पार्टी कुल सात सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही। वहीं जिले से सपा का सूपड़ा साफ हो गया। समाजवादी पार्टी को ब्लॉक प्रमुख की एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हो सकी।
आसपुर देवसरा की सीट भाजपा ने उससे छीन ली। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तीन सीटों पर विजयी हुए हैं। उधर, आसपुर देवसरा ब्लॉक में मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए सपाइयों ने बवाल किया। पुलिस को उपद्रवियों को काबू करने के लिए हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में शनिवार को गहमागहमी के बीच 12 विकास खंडों में मतदान प्रारंभ हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था केे बीच बीडीसी सदस्य मतदान करने के लिए पहुंचते रहे।
सत्ताधारी दल भाजपा व अपना दल एस गठबंधन ने 14 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के विधानसभा वाले ब्लॉक आसपुर देवसरा में भाजपा प्रत्याशी कमलाकांत यादव को जीत मिली। उन्होंने पूर्व प्रमुख सभापति यादव की बहू सपा प्रत्याशी सुषमा यादव को हराया। जबकि कैबिनेट मंत्री के बेटे राजीव प्रताप सिंह मंगरौरा, भतीजे राकेश सिंह पट्टी व मंत्री के करीबी सुशील सिंह बेलखरनाथधाम से पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। लक्ष्मणपुर से भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता सिंह भी निर्विरोध चुनी गईं।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के शिवगढ़ से भाजपा विधायक के भतीजे सत्यम ओझा ने सपा प्रत्याशी शमा परवीन को पराजित किया। गौरा में भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा ने सपा प्रत्याशी शोभा को हराया। वहीं अद एस के खाते में गई मानधाता व संडवाचंद्रिका सीट पर उतारे गए प्रत्याशियों को हार का मुंह देखना पड़ा। मानधाता से जनसत्ता दल समर्थित प्रत्याशी मोहम्मद इसरार व संडवाचंद्रिका से राधा देवी को जीत हासिल हुई। सदर में भी भाजपा प्रत्याशी शोभा देवी को जनसत्ता दल समर्थित प्रत्याशी शेषा सिंह से हार का सामना करना पड़ा।
कालाकांकर ब्लॉक से जनसत्ता दल के रमेश ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार सोनकर को हराया। बाबागंज में जनसत्ता दल की प्रत्याशी मालती देवी भाजपा की रोशनी को पराजित कर ब्लाक प्रमुख चुनी गईं। बिहार से जनसत्ता दल की सुशीला देवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। शनिवार को मतदान के दौरान देवसरा ब्लॉक में सपा प्रत्याशी सुषमा यादव के समर्थकों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए बवाल कर दिया। उग्र होकर बैरियर तोड़ डाला और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे।
आक्रोशित सपाइयों ने थाने को घेर लिया। पुलिसकर्मियों की बाइक को चकनाचूर कर दिया। इस दौरान बैकफुट पर नजर आई। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ करीब दस राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। तब जाकर उपद्रव करने वाले पीछे हटे। सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी व प्रभारी पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उनकी देखरेख में मतगणना प्रारंभ हो सकी। जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि बवाल करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।