Prayagraj : एक लाख के इनामी गैंगस्टर गुलशन यादव की कर्नलगंज में संपत्ति कुर्क, प्रतापगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई
प्रतापगढ़ के कार्यवाहक सपा जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की कर्नलगंज इलाके में संपत्ति कुर्क कर दी गई। प्रतापगढ़ पुलिस ने मुनादी कराने के बाद उसके प्लाट को कुर्क करके नोटिस बोर्ड लगा दिया है।
विस्तार
प्रतापगढ़ के सपा नेता व कुंडा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन यादव पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बुधवार को पुलिस ने प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उनकी 4.10 करोड़ की तीन संपत्तियों को डुगडुगी बजवाकर कुर्क किया। यह संपत्तियां गुलशन और उसकी पत्नी सीमा के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज हैं।
गुलशन यादव पर प्रतापगंढ़ जिले के मानिकपुर, कोतवाली नगर, हथिगवां, जेठवारा, संग्रामगढ़ समेत अन्य थानों में 53 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी के मुकदमे शामिल हैं। पिछले करीब एक साल से फरार चल रहे गुलशन की संपत्तियों की जांच कर पुलिस ने शासन को रिपोर्ट भेजी थी।
पता चला कि प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित मोतीलाल नेहरू रोड पर उनकी संपत्तियां हैं जिनकी कीमत करीब 4.10 करोड़ रुपये है। बुधवार दोपहर प्रतापगढ़ की संग्रामगढ़ पुलिस ने कर्नलगंज पहुंचकर गुलशन की संपत्तियों को कुर्की करने की कार्रवाई शुरू की। इससे पहले पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कराई और मौके पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि कुर्क की गई संपत्ति पर अतिक्रमण करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस जांच में पता चला कि मोतीलाल नेहरू रोड पर गुलशन के तीन मकान हैं। पहला मकान 218.96 वर्गमीटर, दूसरा 52.5 वर्गमीटर और तीसरा 167.16 वर्गमीटर भूमि पर बना है। इन तीनों मकानों की कुल कीमत 4.10 करोड़ रुपये है। जिला मजिस्ट्रेट प्रतापगढ़ के 23 अप्रैल 2025 के आदेश के अनुपालन में धारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है।
गुलशन पर कई बार बढ़ी इनाम की राशि
इससे पहले भी गुलशन यादव पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। गुलशन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आईजी जोन प्रयागराज अजय मिश्रा ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन संजीव गुप्ता ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि गुलशन यादव की संपत्ति कुर्क की गई है।