Pratapgarh : मालगाड़ी के टकराने के चलते सरयू एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेन निरस्त, परेशान हुए यात्री
सुलतानपुर जंक्शन के दक्षिणी केबिन के पास आमने-सामने से दो मालगाड़ी में टक्कर हो गई। हादसे के बाद आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे अयोध्या-प्रयागराज रेल मार्ग बाधित होने का असर रेल सेवा पर पड़ा।
विस्तार
सुलतानपुर जंक्शन के दक्षिणी केबिन के पास आमने-सामने से दो मालगाड़ी में टक्कर हो गई। हादसे के बाद आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे अयोध्या-प्रयागराज रेल मार्ग बाधित होने का असर रेल सेवा पर पड़ा। रेलवे बोर्ड ने सरयू एक्सप्रेस, थ्रीएफ पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया। रायबरेली से सुलतानपुर होते हुए वाराणसी जाने वाली करीब दस ट्रेनों को प्रतापगढ़ के रास्ते से संचालित किया गया। सुलतानपुर में हुए रेल हादसे का असर जिले की रेल सेवा पर निर्भर यात्रियों पर भी देखने को मिला।
मनकापुर से चलकर प्रतापगढ़ होकर प्रयागराज जाने वाली सरयू एक्सप्रेस, थ्री एफ पैसेंजर और नवतनवा एक्सप्रेस को रेलवे बोर्ड ने निरस्त कर दिया। इससे प्रतापगढ़ से प्रयागराज और अयोध्या जाने वाले यात्रियों को वाहनों के लिए भटकना पड़ा। अचानक ट्रेनों के निरस्त होने से रोडवेज या निजी बस का सहारा लेना पड़ा। वहीं रायबरेली से सुलतानपुर होकर वाराणसी जाने वाली 10 ट्रेनों के रूट बदल दिए गए। अधिकांश ट्रेनें जंक्शन से होकर गुजरीं।
सुलतानपुर हादसे का असर रेल सेवा पर पड़ा है। शुक्रवार से फिर से सभी ट्रेनें अपने समय से प्रतापगढ़ जंक्शन होकर संचालित होंगीं। - शमीम अहमद, स्टेशन अधीक्षक
होली पर ट्रेनों में नो-रूम, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
प्रतापगढ़। होली पर्व पर दिल्ली और मुंबई से आने वाली सभी ट्रेनों में नो रूम होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। ऐसे में यात्रियों को घर पहुंचने में तमाम दुश्वारियों से जूझना पड़ेगा। होली पर गांव छोड़ दिल्ली-मुंबई कमाने गए लोग ट्रेन के माध्यम से घर पहुंचते हैं। अभी से ही दिल्ली और मुंबई समेत अन्य डाउन ट्रेनों में होली से पहले नो-रूम हो गया है। ऐसे में यात्रियों को घर पहुंचने के लिए अब ट्रेनों में नो-सीट का झंझट झेलना पड़ेगा। दिल्ली की अप ट्रेनों में भी 100 से अधिक वेटिंग शुरू हो गई है। जो धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।
दिल्ली-मुंबई से आने वाली डाउन ट्रेनों में नो-रूम है तो कुछ ट्रेनों में वेटिंग अधिक है। हालांकि होली मनाने के लिए लोग घर आते हैं। पहले से लोगों ने टिकट बुक करवा रखे हैं। 20 से 28 फरवरी तक ट्रेनें निरस्त होने के कारण दिक्कतें बढ़ गई हैं। जो घर नहीं लौट पाए हैं वे अब होली के पर्व पर लौटने के तैयारी में हैं। - रणधीर सिंह, मुख्य टिकट पर्यवेक्षक।