प्रतापगढ़ : 900 करोड़ की लागत से चौड़ा होगा प्रतापगढ़-मुसाफिरखाना हाईवे, दस मीटर चौड़ा होगा 68 किमी लंबा मार्ग
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज मुसाफिरखाना हाईवे (एनएच 931 ) पर आवागमन पर बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए चौड़ाई बढ़ाकर दस मीटर करने की कवायद चल रही है।
विस्तार
प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज-मुसाफिरखाना हाईवे (एनएच 931) को अब दस मीटर चौड़ा किया जाएगा। 68.3 किमी लंबे मार्ग के निर्माण पर 900 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। हाईवे पर तीन बाइपास और एक रेलवे फ्लाई ओवर (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज मुसाफिरखाना हाईवे (एनएच 931 ) पर आवागमन पर बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए चौड़ाई बढ़ाकर दस मीटर करने की कवायद चल रही है। यह हाईवे प्रतापगढ़ और अमेठी को जोड़ने के साथ ही तीन तहसीलों को जोड़ता है। 68.3 किमी लंबे हाईवे पर अभी तक सात मीटर चौड़ा था।
यह हाईवे चिलबिला ओवरब्रिज के बगल से निकलकर बिहारगंज, गड़वारा, बाबूगंज, सहजीपुर, मिश्रौली, अमेठी, तालाखजुरी, गौरीगंज होते हुए मुसाफिर खाना तक जाता है। इस मार्ग पर प्रयागराज से प्रतापगढ़ होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों का आवागमन अधिक होता है। एनएच 931 का 21 किमी प्रतापगढ़ और 47 किमी अमेठी जिले में प़ड़ता है। कार्यदायी संस्था आईकॉन लिमिटेड भोपाल ने डीपीआर तैयार करके भेज दिया है। इस हाइवे पर लखनऊ -वाराणसी रेल खंड स्थित सहजीपुर रेलवे क्रासिंग पर एक फ्लाईओवर का निर्माण होगा।
ठेंगहा गांव में बनेगा 2.05 किमी बाईपास
प्रतापगढ़- अमेठी के बीच स्थित ठेंगहा गांव के पास 2.05 किमी लंबा बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। गौरीगंज में भी टिकरिया के करीब 4.5 किमी लंबा बाईपास का निर्माण होगा। इससे भारी वाहन किनारे से निकल जाएंगे और उन्हें बाजार में नहीं जाना होगा।
प्रतापगढ़ -मुसाफिरखाना हाईवे दस मीटर चौड़ा होगा। इस हाईवे पर दो बाईपास और एक फ्लाई ओवर बनाने के लिए स्टीमेट तैयार करके भेजा गया है, उम्मीद है कि जल्द ही धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। - विनोद कुमार राय, अधिशाषी अभियंता, एनएच, सुल्तानपुर