प्रतापगढ़ : सपा प्रत्याशी गुलशन यादव पर हमले का प्रयास, पिस्टल लेकर पहुंचा युवक हिरासत में, राजाभैया, अक्षय प्रताप के खिलाफ तहरीर
गुलशन ने राजाभैया और गोपालजी पर हत्या के लिए साजिश रचने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली पहुंचे सपाइयों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उधर, घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने तीन घंटे तक छानबीन की।
विस्तार
नामांकन दाखिल करने के बाद मीराभवन स्थित सपा कार्यालय लौट रहे कुंडा से सपा प्रत्याशी गुलशन यादव की गाड़ी के सामने एक युवक पिस्टल लेकर पहुंच गया। समर्थकों ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
इस मामले में गुलशन ने राजाभैया और गोपालजी पर हत्या के लिए साजिश रचने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली पहुंचे सपाइयों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उधर, घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने तीन घंटे तक छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक पिस्टल लिए दिखा, लेकिन सपा प्रत्याशी की गाड़ी आने के दौरान वह रोड पर नहीं दिख रहा है।
राजाभैया, अक्षय प्रताप पर साजिश का आरोप
सपा प्रत्याशी गुलशन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि शनिवार को नामांकन के बाद लौटते समय मीराभवन चौराहे के पास होटल से निकलकर एक युवक उनकी गाड़ी के सामने आ गया। उसने पिस्टल निकालकर फायर करने की कोशिश की, मगर उनके समर्थकों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे होटल के भीतर ले गए।
इस बीच पीछे पहुंचे नगर कोतवाल ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। गुलशन ने आरोप लगाया है कि विपक्षी प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया व अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी ने उनकी हत्या कराने के लिए यह साजिश रची थी। देर शाम सपा प्रत्याशी गुलशन यादव समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे।
पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप
कार्रवाई की मांग को लेकर सपाई कोतवाली में हंगामा करने लगे। सपा प्रत्याशी ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। उधर, घटना की छानबीन करने के लिए खुद पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल मौके पर पहुंचे। सर्विलांस व स्वॉट टीम के साथ तीन घंटे तक सीसीटीवी खंगाला। दुकानदार समेत अन्य लोगों का बयान दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। वह पिस्टल लेकर सड़क पर ट्रक के आगे खड़ा हुआ था और बाद में होटल पर आ गया। चाय मांगने पर विलंब हो गया। जिसके बाद वह दुकानदार को धमकाते हुए दुकान बंद कराने लगा।
वहां बैठे सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने सपा प्रत्याशी पर हमला करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। नगर कोतवाल ने उसे हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया युवक मीराभवन का रहने वाला जार्डन सिंह है।
सपा प्रत्याशी की गाड़ी के सामने खड़े होकर पिस्टल तानने की बात गलत है। आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सपा प्रत्याशी की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है।
सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ की आईडी से पोस्ट कर राजाभैया पर लगाए गए आरोप
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव जेल में निरुद्घ हैं। सपा से कुंडा के प्रत्याशी गुलशन यादव उनके बड़े भाई है। शनिवार को छविनाथ यादव की फेसबुक आईडी से मीराभवन की घटना को भाई की हत्या की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की जाती रही।
उनकी आईडी से हुई पोस्ट में कहा गया है कि विधानसभा कुंडा से सपा उम्मीदवार के रूप में उनके बड़े भाई गुलशन यादव मैदान में हैं। उनके भाई ने शुक्रवार को ही कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह व एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी द्वारा हत्या की आशंका जताई थी। मामले की शिकायत डीजीपी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक से की गई थी।
सुरक्षा के नाम पर एक पुलिसकर्मी लगा दिया गया। शनिवार को नामांकन के बाद मीराभवन में आशू सिंह जार्डन नाम के युवक ने उनके भाई गुलशन यादव की हत्या करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि अपराधी प्रवृत्ति का आशू सिंह राजाभैया की गाड़ी से उतरा था। प्रशासन ऐसे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए।