प्रतापगढ़ : हिस्ट्रीशीटर के घर सत्यापन करने गई सीओ की टीम पर हमला
जेठवारा थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव में शनिवार को एटीएम कार्ड के क्लोन तैयार कर फ्राड करने वाले हिस्ट्रीशीटर राजेश उर्फ मुन्ना यादव के घर ट्रेनी सीओ विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में पुलिस टीम सत्यापन करने पहुंची।
विस्तार
जेठवारा थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव में शनिवार को हिस्ट्रीशीटर राजेश उर्फ मुन्ना यादव के घर सत्यापन करने के लिए ट्रेनी सीओ के नेतृत्व में गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। घर के भीतर मिले हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर बाहर आ रहे दरोगा से उसका फौजी पिता भिड़ गया। दरोगा के हाथ में दांत से काटने के बाद हिस्ट्रीशीटर बेटे को भगा दिया। महिलाएं व दूसरे लोग पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। पुलिस आरोपी पिता-भाई समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव में शनिवार को एटीएम कार्ड के क्लोन तैयार कर फ्राड करने वाले हिस्ट्रीशीटर राजेश उर्फ मुन्ना यादव के घर ट्रेनी सीओ विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में पुलिस टीम सत्यापन करने पहुंची। सीओ विनय सुरक्षाकर्मियों के साथ घर के बाहर ही रुक गए। जबकि दरोगा मुसाफिर यादव, शेषनाथ यादव, सिपाही दिनेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी सत्यापन करने घर के भीतर पहुंचे।
इस दौरान कमरे में हिस्ट्रीशीटर राजेश मिल गया। उसे पकड़कर पुलिसकर्मी बाहर लाने लगे। इस दौरान उसका पिता रिटायर्ड फौजी पृथ्वीपाल यादव दरोगा मुसाफिर यादव से भिड़ गया। उसने दरोगा के हाथ में दांत से काट लिया। मौका पाकर राजेश भाग निकला। इस बीच आसपास के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाते हुए हमला बोल दिया। जिससे पुलिसकर्मी जान बचाते हुए बाहर की ओर भागे। हमले में सिपाही दिनेश घायल हो गया। शोरशराबा सुन घर के बाहर मौजूद ट्रेनी सीओ सुरक्षाकर्मियों के साथ दौड़कर पहुंचे।
तब जाकर हिस्ट्रीशीटर के परिवार वाले पीछे हटे। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर के पिता पृथ्वीपाल, भाई आकाश यादव समेत महिलाओं को पुलिस थाने ले आई। इस मामले में दरोगा मुसाफिर यादव की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर राजेश समेत पांच नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला व सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले फरार हिस्ट्रीशीटर समेत अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।