Pratapgarh : चमका बाजार...धनतेरस पर करोड़ों की हुई धनवर्षा, देररात तक रही लोगों की भीड़
धनतेरस पर्व के अवसर पर शनिवार को बाजार चमक उठा। ग्राहकों से बाजार गुलजार रहे। त्योहार पर जमकर खरीदारी हुई। किसी ने कार-बाइक ली तो किसी एसी-टीवी। बर्तन, सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्राॅनिक बाजार समेत अन्य बाजारों में देररात तक भीड़ उमड़ी।
विस्तार
धनतेरस पर्व के अवसर पर शनिवार को बाजार चमक उठा। ग्राहकों से बाजार गुलजार रहे। त्योहार पर जमकर खरीदारी हुई। किसी ने कार-बाइक ली तो किसी एसी-टीवी। बर्तन, सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्राॅनिक बाजार समेत अन्य बाजारों में देररात तक भीड़ उमड़ी। सराफा बाजार भी त्योहार पर जगमगा उठा। सोने-चांदी के सिक्के, मूर्तियां, गहने के साथ अन्य आभूषणों की भी खूब बिक्री हुई। शनिवार को धनतेरस होने के कारण अधिकांश ग्राहकों ने अपनी वस्तुएं खरीदने के बाद दुकानदार से रविवार को उसे घर ले जाने की बात कही।
बीते साल की तुलना में बाजार में इस बार औसतन 40 फीसदी अधिक धनवर्षा हुई। जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह छाबड़ा के मुताबिक देररात तक शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक के बाजारों में तकरीबन 3.71 अरब से अधिक के कारोबार होने का अनुमान है। जीएसटी दरों में कमी हाेने के कारण इलेक्ट्रॉनिक व ऑटोमोबाइल बाजार में जमकर खरीदारी हुई। बीते साल की तुलना में इस बार 40 फीसदी तक कारोबार में इजाफा होने की उम्मीद है। त्योहार के लिए बाजार में रौनक रही। रविवार को भी बाजार में भीड़ रहेगी।
धनतेरस के चलते शनिवार को सामान्य दिनों की तुलना में बाजार जल्दी खुले और बाजारों में लोगों का जुटना भी शुरू हो गया था। बर्तन, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। सदर बाजार, बाबागंज, पंजाबी मार्केट, श्रीराम तिराहा, चौक, आंबेडकर चौराहा, मीराभवन, भंगवाचुंगी, चिलबिला, महुली समेत जनपद के तहसीलों की बाजारों में पैर रखने की जगह तक नहीं दिखी। हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
खूब बिके वाहन, एजेंसियों पर ग्राहकों का लगा मेला
धनतेरस पर लोगों ने बुकिंग वाहनों की डिलीवरी ली। नए वाहनों को लोगों ने खरीदा। सभी कंपनियों के शोरूम और एजेंसियों पर ग्राहकों का मेला लगा रहा। शुभ मुहूर्त दोपहर 12.30 बजे के बाद लोग वाहन लेकर घर रवाना हुए। वहीं, कार शोरूम पर डिलीवरी के साथ नई कारें लोगों ने खरीदी। व्यापारी राजेंद्र केसरवानी के मुताबिक जिले में 1.5 अरब रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
खूब बिके झाडू व बर्तन
धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते सींक और फूल की झाड़ू की खूब बिक्री हुई। फूल झाड़ू 120 से 200 रुपये तो सींक वाली झाड़ू 70 से 80 रुपये में बिकी। बर्तन की दुकानों पर लोगों ने स्टील, पीतल व तांबे के बर्तनों की खरीदारी की। साथ ही पूजा की थाली, दीपदान समेत अन्य सामान खरीदे।
शहर के प्रमुख मार्गों पर रहा दिनभर जाम
त्योहार पर उमड़ी भीड़ के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर शनिवार को दिनभर जाम की स्थिति रही। हाईवे समेत अंबेडकर चौराहा, कचहरी रोड, राजापाल चौराहा, मीराभवन, चौक, सदर बाजार, बाबागंज में वाहन रेंगते रहे। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी व हाेमगार्ड के जवान तैनात रहे। वाहनों की चहल-पहल के बीच लोग परेशान हुए।
-ऑटो मोबाइल सेक्टर- 150 करोड़
-सराफा बाजार-100 करोड़
-इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम-75 करोड़
-मोबाइल बाजार- छह करोड़
- रेडीमेड गारमेंट व टेक्सटाइल-15 करोड़
-शेयर मार्केट- 10 करोड़
-फर्नीचर-पांच करोड़
-किराना बाजार- पांच करोड़
-बर्तन बाजार- पांच करोड़
-अन्य बाजार-पांच करोड़
(अनुमानित आंकड़े जिला व्यापार मंडल के हैं।)