प्रतापगढ़ : युवती को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म, बेहोश होने पर छोड़कर भागे
आरोप है कि तीनों ने मिलकर युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। दोपहर करीब दो बजे युवती प्रयागराज-प्रतापगढ़ राजमार्ग के किनारे गजेहड़ा जंगल में बेहोशी की हालत में मिली। उधर लघुशंका के लिए गए रोजगार सेवक ने युवती को बेहोश देखकर पुलिस को जानकारी दी।
विस्तार
देल्हूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल में फतनपुर इलाके की एक युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती जंगल के करीब बेहोश मिली। उधर से गुजर रहे रोजगार सेवक की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। इलाज कराने के बाद उसका मेडिकल जांच कराई गई। फतनपुर इलाके की बीस वर्षीय युवती शुक्रवार सुबह करीब दस बजे घर से निकली थी। सूत्रों का कहना है कि परिचित युवक उसे बाइक से लेकर निकला था। बाद में वह युवती को लेकर देल्हूपुर इलाके में स्थित गजेहड़ा जंगल पहुंच गया। वहां काफी देर तक दोनों बैठे रहे। इस दौरान युवक ने अपने दो और साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। दोपहर करीब दो बजे युवती प्रयागराज-प्रतापगढ़ राजमार्ग के किनारे गजेहड़ा जंगल में बेहोशी की हालत में मिली। उधर लघुशंका के लिए गए रोजगार सेवक ने युवती को बेहोश देखकर पुलिस को जानकारी दी।
खबर पाकर पहुंची देल्हूपुर पुलिस मामले को दबाने में लगी रही। पुलिस ने रोजगार सेवक को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया। पीड़िता को लेकर पुलिस मानधाता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां कुछ देर बाद उसे होश आ गया। उसने पुलिस को आपबीती सुनाई। साथ ही परिजनों का मोबाइल नंबर दिया।
परिजनों को बुलाने के बाद पुलिस पीड़िता को मेडिकल कराने के लिए प्रताप बहादुर अस्पताल ले गई। गैंगरेप के इस मामले में पुलिस गोलमोल जवाब देती रही। पीड़िता को मेडिकल के लिए ले जाने के बाद एएसपी ने कहा, युवती के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता बता रही है कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है। मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - विद्यासागर मिश्र, एएसपी पूर्वी