प्रतापगढ़। होली के त्योहार को करीब देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को छापेमारी की। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मावा बेचने आए व्यापारी जहां भागने लगे, वहीं दुकानदार दुकानें बंदकर गायब हो गए। टीम ने चार दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया।
खोवा, खाद्य तेल, वनस्पति, मैदा, कचरी, पापड़, चिप्स, नमकीन एवं पेय पदार्थों का विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों पर फूड विभाग की टीम ने छापामारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार राय ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम के साथ बुधवार को अंबेडकर चौराहा स्थित अजय डेयरी प्रोडक्टस प्रतिष्ठान से पनीर, खोवा मंडी ठठेरी बाजार से मावा एवं दूध का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। खाद्य सचलदल टीम में अंजनी कुमार मिश्र और राजीव कुमार सिंह मौजूद रहे।