प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने पर शहर के तुलसीसदन (हादीहाल) परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं की विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित तीन दिनी प्रदर्शनी के दूसरे दिन मंगलवार को कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने स्टालों को देखा। मंत्री मोती सिंह ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही हैं।
पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार द्वारा हर वर्ग के गरीब, असहाय व्यक्तियों की मदद की जा रही है। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी विजय कुमार द्वारा प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित पुस्तिका ‘विकास की लहर हर गांव हर शहर’ मंत्री को भेंट की गई।
उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रतापगढ़ इकाई द्वारा आयोजित नवभारत मेला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूनम इंसान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह, संतोष मिश्रा, संतोष दूबे, विक्रम प्रताप सिंह, सिद्धार्थ तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।