कुसुवापुर में बगैर लाइसेंस संचालित संकल्प हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ डिप्टी सीएमओ ने पुलिस को तहरीर दी है। संचालक कालाकांकर सीएचसी में बीसीपीएम तो उसकी पत्नी बीपीएम के पद पर तैनात है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पति और पत्नी के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। चर्चा है कि सीएचसी अधीक्षक को सीएमओ ने तलब कर लिया है।
कालाकांकर सीएचसी में बीसीपीएम के पद पर प्रमोद मौर्य की तैनाती है। उसी अस्पताल में उनकी पत्नी बीपीएम के पद पर तैनात हैं। सरकारी अस्पताल में अपनी सेवा देने के साथ दंपती कुसुवापुर में बगैर लाइसेंस संकल्प हॉस्पिटल का संचालन करते थे। जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएमओ डाॅ. राजेश कुमार और अपर शोध अधिकारी आरजी चौधरी रविवार को संकल्प हॉस्पिटल पहुंचे। यहां डॉक्टर तो दूर फार्मासिस्ट तक नहीं मिले। जबकि तीन मरीजों का ऑपरेशन कर उनका अप्रशिक्षित स्टाफ नर्स इलाज कर रही थी। डिप्टी सीएमओ ने हॉस्पिटल काे सील कर दिया। संग्रामगढ़ थाने में संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। उधर, चर्चा है कि सीएमओ डाॅ. एएन प्रसाद कालाकांकर सीएचसी अधीक्षक मनोज वर्मा को तलब कर लिया। अपने आवास पर बुलाकर पूछताछ कर रहे हैं। बीसीपीएम और बीपीएम के खिलाफ जांच का आदेश सीएमओ ने दे दिया। अपर शोध अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया गया है। दो दिन के अंदर एफआईआर कॉपी भी थानाध्यक्ष से मांगी गई है। बीपीएम और बीसीपीएम के खिलाफ सीएमओ जांच बैठा दी है।