दीवानी न्यायालय को नए भवन स्थानांतरित करने और शेड डलवाने की मांग को लेकर अधिवक्ता भाजपा नेता से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। समस्या को लेकर दीवानी के अधिवक्ता मंगलवार को डाकबंगले में आए भाजपा नेता शिवप्रकाश मिश्र सेनानी से मिले। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उन्हें बताया कि दीवानी न्यायालय को नए भवन में स्थानांतरित कराया जाना चाहिए।
साथ ही उन्हें एक ज्ञापन देकर कहा कि न्यायालय भवन के स्थानांतरण के साथ ही अधिवक्ताओं के लिए शेड बनवाने को शासन से धन मुहैया कराया जाए। नए भवन में अभी अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त शेड का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में स्थानांतरण के बाद उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
इसके चलते शासन को न्यायालय के स्थानांतरण के साथ ही अधिवक्ताओं के लिए शेड की भी व्यवस्था कराई जाए। भाजपा नेता ने अधिवक्ताओं को जल्द ही शेड निर्माण के लिए शासन से बात करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष खुर्शीद आलम, महामंत्री धीरेंद्र यादव, मो.इखलाक, गोविंद शुक्ला, अखिलेश द्विवेद्वी, भूपेंद्र पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।