Pratapgarh : हाईवे पर मवेशी से टकराई बाइक, पति की मौत पत्नी घायल, दिवाली मनाने जा रहा थे घर
लखनऊ- प्रयागराज राजमार्ग पर कुंडा कोतवाली के मौली के करीब शनिवार की सुबह बेकाबू बाइक मवेशी से टकरा गई। बाइक सवार छत्तीसगढ़ के प्रवीण की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
विस्तार
लखनऊ- प्रयागराज राजमार्ग पर कुंडा कोतवाली के मौली के करीब शनिवार की सुबह बेकाबू बाइक मवेशी से टकरा गई। बाइक सवार छत्तीसगढ़ के प्रवीण की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
छत्तीसगढ़ प्रांत के जनपद बिलासपुर के बेलतारा के खपरी लेडी निवासी 34 वर्षीय प्रवीण निर्मल परिवार सहित लखनऊ में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। दिवाली मनाने के लिए वह बाइक से पत्नी संगीता देवी के साथ अपने गांव जा रहा था। प्रयागराज–लखनऊ हाईवे से गुजरते समय कोतवाली के मौली बाईपास पर शनिवार की सुबह अचानक बाइक के सामने मवेशी आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मवेशी से बचने की प्रवीण ने कोशिश की, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण बाइक उससे टकरा गई। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सक ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। पति के मौत की खबर सुनते ही घायल संगीता रोते हुए बेसुध हो गई। जानकारी के बाद उसके करीबी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।