प्रतापगढ़ में बोले अखिलेश यादव: भाजपा सरकार में सपाइयों पर हो रहा है अत्याचार, 2024 में जनता देगी जवाब
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। 2022 में कुछ परिवर्तन हुआ था। 2024 में पूरा परिवर्तन होगा।
विस्तार
प्रतापगढ़ में आयोजित सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में समाजवादियों पर अत्याचार हो रहा है। बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि यहां की जनता ने 2022 में थोड़ा परिवर्तन किया था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में पूरा परिवर्तन होगा।
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमे लाद दिए जा रहे हैं। आम आदमी परेशान है। सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। प्रतापगढ़ में ऐसा कोई दिन नहीं जाता जिस दिन यहां सपा कार्यकर्ताओं को अन्याय का सामना न करना पड़ता हो। यहां की जनता अपने ऊपर हो रहे अन्याय को भूलने वाली नहीं है। प्रतापगढ़ में यह कार्यक्रम ऐतिहासिक है। कार्यक्रम इतना सफल होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले सपा मुखिया ने पूर्व विधायक श्याद अली को श्रद्धांजलि दी। मंच पर रखे गए उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद सभी नेताओं ने श्याद अली को श्रद्धांजलि दी। अखिलेश ने कहा कि श्याद अली ने पूरे जीवन संघर्ष किया। वह कार्यकर्ताओं के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
विपक्ष को खत्म करना चाहती है भाजपा- शिवपाल
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा विपक्ष को समाप्त करने की साजिश रच रही है। सत्ता के बल पर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कराया जा रहा है। सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने वाले नेताओं पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाता है। आप सांसद संजय सिंह इसके प्रमाण हैं।
पट्टी विधानसभा के सदहा में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य विजय यादव के आवास पर मीडिया से बात करते हुए सपा नेता ने वर्तमान समय को अघोषित आपातकाल का दर्जा दिया। कहा कि नौ साल बेमिसाल का नारा देने वाली भाजपा सरकार के पास उपलब्धियों के नाम पर बताने को कुछ भी नहीं है। इंडिया गठबंधन से घबराए हुए भाजपा के नेता अब विपक्षी नेताओं के घर छापेमारी के साथ उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रहे हैं।
भाजपा के शासनकाल में बिजली विभाग द्वारा छापामारी, एफआईआर ,जुर्माना तीनों एक साथ करते हुए किसानों व व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा सरकार कुछ पूंजीपतियों को संतुष्ट करने में लगी हुई है। ग्रामीण युवा बेरोजगारी में भटक रहा है।
यूपी में 50 सीटें जीतेगा इंडिया गठबंधन
भाजपा के इन्हीं विफलताओं को लेकर सपा प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यकर्ता सम्मेलन कर भाजपा की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका गठबंधन प्रदेश में 50 सीट जीतेंगे।
उन्होंने देवरिया की घटना की चर्चा करते हुए कहा कि वहां पर दोनों परिवार पीड़ित हैं। ऐसे में दोनों परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है। मुख्यमंत्री एक परिवार के घर जाकर गलत संदेश दिए हैं। आगे कहा कि सपा शासन काल में स्वीकृत मंडी का निर्माण पूरा नहीं हो सका। उन्होंने निर्मला राम अंजोर यादव फार्मेसी कॉलेज सदहा का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर जूबाए के पूर्व अध्यक्ष विनोद पांडेय, शिव बहादुर यादव, जुनैद प्रधान, केपी चौरसिया ,संतोष यादव, शेर बहादुर, पवन, अजय और रामबचन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।