प्रतापगढ़ : रेस्टोरेंट में विवाद के बाद अधिवक्ता को पुलिसकर्मियों ने पीटा, वकीलों ने घेरी कोतवाली
कंधई थाना क्षेत्र के तरदहा गांव निवासी अधिवक्ता मानस तिवारी पट्टी तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। शुक्रवार की शाम वह पट्टी कस्बा स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। जहां मालिक से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया।
विस्तार
पट्टी कस्बे में स्थित एक रेस्टोरेंट में खाने के दौरान मालिक से हुए विवाद के बाद पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता की पिटाई कर दी। आरोप है कि उन्हें कोतवाली ले जाकर भी पीटा गया और गले से सोने की चेन और साढ़े पांच हजार रुपये छीन लिए। इससे नाराज वकीलों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। नाराज वकीलों ने संपूर्ण समाधान दिवस ठप कराने के साथ ही तहसील में तालाबंदी कर दी। बाद में कोतवाली का घेराव कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। घंटों हंगामे के बाद सीओ के आश्वासन पर अधिवक्ता शांत हुए।
कंधई थाना क्षेत्र के तरदहा गांव निवासी अधिवक्ता मानस तिवारी पट्टी तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। शुक्रवार की शाम वह पट्टी कस्बा स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। जहां मालिक से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे एक दरोगा और सिपाही उनकी पिटाई करते हुए घसीटकर उन्हें पट्टी कोतवाली ले गए।
यहां हेड मुहर्रिर ने भी उनकी पिटाई की। उनके गले से सोने की चेन व जेब से 5650 रुपये पुलिसवालों ने निकाल लिए। किसी तरह मानस वहां से जान बचाकर भागे। शनिवार को मामले की जानकारी होने पर तहसील के वकील भड़क गए। उन्होंने तहसील में तालाबंदी कर दी।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद कोतवाली पहुंचे और संपूर्ण समाधान दिवस ठप करा दिया। कोतवाली का घेराव करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक कोतवाली में हंगामा चलता रहा। खबर पाकर सीओ दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन वकीलों को शांत कराया। इस दौरान बार अध्यक्ष सुरेश सिंह, रवि सिंह, मानस त्रिपाठी, अजीत सिंह, अमरजीत शर्मा, राहुल सिंह, मनीष त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
कोतवाल नंदलाल सिंह ने बताया कि अधिवक्ता व रेस्टोरेंट संचालक दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल ने अधिवक्ता की पिटाई से इनकार कर दिया। उधर, पट्टी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश सिंह का कहना है कि पुलिस का अधिवक्ता को पीटना निंदनीय है। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक अधिवक्ताओं का प्रदर्शन चलता रहेगा।
रेस्टोरेंट संचालक ने भी दी तहरीर
रेस्टोरेंट संचालक रवि जायसवाल ने भी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने अधिवक्ता मानस तिवारी पर गालीगलौज करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।