पीलीभीत: कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र के खगाई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बृहस्पतिवार को कमरे में फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के खगाई गांव में बृहस्पतिवार को 32 वर्षीय विवाहिता त्रिवेणी देवी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
नरायनठेर निवासी मृतका के भाई पातीराम की ओर से पुलिस को दी गई सूचना के मुताबिक, त्रिवेणी की शादी वर्ष 2011 में नरेंद्र कुमार से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। नौ वर्षीय बेटा अभय घटना के समय घर पर था, जबकि 12 वर्षीय बेटी आराध्या ननिहाल नरायनठेर में रहकर पढ़ाई कर रही है।
मृतका के पिता कड़ेराम ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया। उनका कहना है कि घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जबकि मायके वालों को इसकी जानकारी दोपहर एक बजे के बाद फोन करके दी गई।
दुकान पर नहीं गया था पति
परिजनों के मुताबिक, त्रिवेणी का पति नरेंद्र दियोरिया क्षेत्र के देवहना गांव में मोबाइल की दुकान चलाता है। बृहस्पतिवार को वह दुकान पर नहीं गया और घर पर ही मौजूद था। उसका भाई हरिओम भी पास के कमरे में रहता है, लेकिन घटना के समय वह पत्नी के साथ बाहर गया हुआ था।
मृतका के बेटे अभय के अनुसार, उसे उसके बाबा और एक पड़ोसी ने बताया कि कमरे का दरवाजा उन्होंने खोला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और परिजनों से जानकारी ली। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजनों ने जो आरोप लगाए है उनकी जांच की जा रही है।