Pilibhit News: घर के सामने नहीं लगाया शिविर तो भड़के प्रधान के परिजन, स्वास्थ्य विभाग की टीम को पीटने का आरोप
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम से मारपीट का मामला सामने आया है।टीम ने गांव के प्रधान के परिजनों पर आरोप लगाया है। एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव करमापुर माफी में प्रधान के परिजनों पर स्वास्थ्य विभाग के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि आरोपियों ने स्वास्थ्य कर्मियों से धक्कामुक्की की और डंडे से पीटा। पुलिस ने इस मामले में एक ग्रामीण को हिरासत में लिया है।
राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल खनका की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नम्रता गुप्ता ने बताया कि विभागीय उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने शनिवार सुबह क्षेत्र के गांव करमापुर माफी में पूर्व ग्राम प्रधान रामनरेश शर्मा के दरवाजे पर शिविर लगाया था। मौजूदा प्रधान के परिजनों ने इसे अपनी तौहीन समझा। प्रधान के परिजन शिविर अपने घर के सामने लगवाना चाहते थे। इस बात से नाराज परिजनों ने शिविर स्थल पर आकर हंगामा कर दिया।
आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मियों से गाली गलौज, अभद्र व्यवहार और धक्का मुक्की की। शिविर स्थल पर पड़ा फर्नीचर लात मारकर गिरा दिया। दवाई बिखेर दी और टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब वीडियो बनाने का प्रयास किया तो परिजनों ने उनके फोन छीन कर वीडियो डिलीट कर दी।
आरोपियों ने लाठी से पीटा
आरोप है कि प्रधान के परिजनों ने टीम में शामिल अस्पताल के योग प्रशिक्षक सत्यपाल वर्मा और वार्ड बॉय ललित गंगवार की लाठी से पिटाई की। धक्का मुक्की में अस्पताल की योग सहायिका वैशाली वर्मा के भी चोटें आई हैं। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। शिविर में दवाई लेने आए मरीज बिना दवा लिए भाग गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
तहरीर में एक हमलावर को नामजद किया गया और दो हमलावरों को अज्ञात बताया गया है। टीम के चारों सदस्यों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में प्रधान के एक परिजन को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अभी इस संबंध में तहरीर नहीं मिली है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि उन्होंने इस घटना के बारे में जिला होम्योपैथिक अधिकारी को भी फोन पर जानकारी दे दी है।