{"_id":"58c0351f4f1c1bbf42dc3f4c","slug":"tiger-rising-from-city-to-forest","type":"story","status":"publish","title_hn":"वनकटी से शहर की ओर बढ़ रहा टाइगर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वनकटी से शहर की ओर बढ़ रहा टाइगर
ब्यूरो /पीलीभीत
Updated Wed, 08 Mar 2017 11:40 PM IST
विज्ञापन
रम्पुरा में युवक की जान लेने वाला बाघ अब शहर की ओर बढ़ रहा है। बुधवार शाम उसकी लोकेशन वल्देवपुर गांव के निकट देखी गई। इसकी सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई है। उधर रम्पुरा और सैजनिया में दहशत के चलते वनकर्मियों की मौजूदगी में गन्ना कटवाया जा रहा है। वनकटी के निकट रम्पुरा गांव में सोमवार को बाघ ने सिंचाई करने गए युवक ब्रह्मस्वरूप पर हमला कर उसे मार डाला था। इस घटना के बाद से ही रम्पुरा एवं इसके पास के गांव सैजनिया में दहशत है। मंगलवार को पूरे दिन कांबिंग के बाद भी बाघ की लोकेशन नहीं मिली थी। इस पर बुधवार को पांच टीमें लगाकर कांबिंग कराई गई। साथ ही जरूरतमंद किसानों को गन्ने की कटाई भी वनकर्मियों की मौजूदगी में कराई जा रही है। पूरे दिन ग्रामीणों ने गन्ना विभाग से मिली पर्चियों के अनुसार गन्ने की कटाई शुरू कराई। बृहस्पतिवार को भी गन्ने की कटाई जारी रहेगी। उधर दोपहर को सैजनिया गांव के निकट सैजना गांव में लोकेशन की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची। यहां बाघ तो नहीं मिला अलबत्ता उसके पदचिह्न देखे गए। पूरे दिन बाघ न दिखनेे पर वन विभाग शाम को कुछ राहत महसूस कर रहे थे कि वल्देवपुर गांव के निकट बाघ दिखने की सूचना आ गई। सूचना मिलते ही रम्पुरा और सैजनिया में मौजूद टीम वल्देवपुर पहुंच गई साथ ही डीएफओ सहित कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। एसडीओ केपी सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम के साथ गांव के आसपास तलाशी की जा रही है। बाघ को पकड़ने के लिए पूरी तैयारी है।
विज्ञापन