Pilibhit News: शारदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही बंद हुआ पैंटून पुल, 16 ग्राम पंचायतों के लोगों की बढ़ी परेशानी
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में शारदा का जलस्तर बढ़ने से नदी उफान पर आ गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते पैंटून पुल के संपर्क मार्ग पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुल का बैरियर बंद कर दिया है। वहीं, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पैंटून पुल को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
शारदा नदी पर बने इस पैंटून पुल के बंद होने से नदी पार स्थित 16 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब तक जहां ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय पूरनपुर पहुंचने के लिए करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं पुल हटने के बाद उन्हें लगभग 130 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।
ग्रामीणों को अब पूरनपुर, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर और पलिया होते हुए शाहजहांपुर जनपद के खुटार मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों में काफी वृद्धि होगी।
निर्धारित समय से पहले हटाया गया पुल
गौरतलब है कि शारदा नदी पर आवागमन सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग हर वर्ष पैंटून पुल का निर्माण कराता है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुल हटाने की निर्धारित तिथि 15 जून और बाढ़ समाप्त होने के बाद पुनः आवागमन शुरू करने की तिथि 15 अक्तूबर तय है। हालांकि नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण इस वर्ष भी निर्धारित समय से पहले पुल को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पिछले वर्ष भी शारदा नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते निर्धारित तिथि से दो दिन पहले ही पैंटून पुल हटा लिया गया था। इस बार भी हालात कुछ ऐसे ही बनते दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।