Pilibhit: पड़ोसी ने घर में घुसकर महिला से किया दुष्कर्म, चाकू दिखाकर बोला- शिकायत की तो जान से मार दूंगा
पीलीभीत में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोसी युवक ने चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रोने की आवाज सुनकर जब महिला के जेठ-जेठानी पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
विस्तार
पीलीभीत में पड़ोसी युवक ने परिजन की गैर मौजूदगी में महिला को चाकू दिखाकर डरा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। समाज के डर से महिला के परिवार ने मामले की शिकायत नहीं की। युवक ने दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया। इसके बाद महिला अपने पति को साथ लेकर बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंची। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी अतुल कुमार से कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के एक मोहल्ले की महिला ने बताया कि उसका पति शहर में ही दुकान चलाता है। वह रोजाना अपनी दुकान पर चला जाता है। वह घर में अकेले रह जाती है। पड़ोस का रहने वाला युवक उस पर गलत निगाह रखता है। वह उसकी छत पर भी आता-जाता है। 23 अक्तूबर को सुबह 11 बजे वह अपने कमरे में थी। इसी दौरान युवक उसके घर में घुस आया और जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर चाकू रख दिया। इसके बाद युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
बदनामी के डर से नहीं की थी शिकायत
महिला की रोने के आवाज सुनकर मकान के दूसरे हिस्से में रह रहे जेठ-जेठानी भी मौके पर आ गए। किसी काम से उसके पति भी घर पर आ गए। इसके बाद युवक जान से मारने की धमकी व समाज में बदनाम करने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। समाज के डर से परिजनों ने मामले की शिकायत थाने में नहीं की।
युवक इसका फायदा उठाते हुए उसका पीछा करने लगा और गली में आते-जाते उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। यहां तक कि युवक दोबारा संबंध बनाने का भी दबाव बनाने लगा। समाज के डर से महिला दूसरे मोहल्ले में रहने लगी। जब युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तब महिला ने मामले की शिकायत एसपी अतुल कुमार से कर कार्रवाई की मांग की है।