पीलीभीत बवाल में कार्रवाई: जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर और शाही चौकी इंचार्ज निलंबित, 125 लोगों पर रिपोर्ट
पीलीभीत में खमरिया पुल के पास शनिवार शाम करीब चार बजे मुहर्रम का जुलूस और कांवड़ियों के आमने-सामने आ जाने पर जमकर बवाल हुआ था। इस मामले में इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
पीलीभीत में बरेली हाईवे पर शनिवार शाम खमरिया पुल के पास कांवड़ियों और ताजियेदारों के बीच डीजे बंद कराने को लेकर हुई पथराव, मारपीट और जाम लगाने की घटना के बाद एसपी ने जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार और शाही चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह को निलंबित कर दिया है। इस मामले में 125 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि तीन दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मंदिर के पास एक पक्ष दूसरे का लंगर नहीं लगने दे रहा था। मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में लिया। पुलिस ने ताजिये निकलने वाले रास्ते को भी पूर्व में ठीक से नहीं देखा और न ही जानकारी जुटाई।
ये भी पढ़ें- बरेली में कांवड़ियों पर लाठीचार्ज: महिलाओं ने दिखाए घाव, बताई बर्बरता की पूरी कहानी; दर्द बताने से भी डर रहे
मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते मुहर्रम पर बवाल हो गया। यह भी कहा जा रहा है कि शाही चौकी इंचार्ज ने एक कांवड़िया को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद कांवड़िया उग्र हो गए थे। इसके बाद ही बवाल शुरू हुआ था। एसपी अतुल शर्मा ने लापरवाही उजागर होने पर थाना जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार और शाही चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह को निलंबित कर दिया है।
शाही चौकी इंचार्ज की तहरीर की पर थाना जहानाबाद में 125 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कि बवाल करने वाले लोगों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी समेत अन्य कई सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा पथराव कर कई लोगों को घायल भी कर दिया। सिपाही अमित, निशांत और गौतम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, 7-लॉ क्रिमिनल अमेंडमेंट एक्ट की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चंद खुराफातियों ने किया था माहौल खराब
बवाल में चंद खुराफातियों की अहम भूमिका रही। उन्होंने ही माहौल खराब कर दिया। सूत्रों के अनुसार कुछ खुराफातियों ने पहले से ही योजना बना कर माहौल बिगाड़ा था। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों ने बवाल कराया वे न तो कांवड़िया थे और न ही ताजियेदार। पुलिस खुराफातियों को पकड़ने के लिए मौके की वीडियो फुटेज से चेहरे पहचानने में जुटी है।
बता दें कि शनिवार शाम करीब चार बजे मुहर्रम का जुलूस और कांवड़ियों के आमने-सामने आ जाने पर जमकर बवाल हुआ था। खमरिया पुल पर देर शाम से ही भारी पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई थी। तनाव को देखते हुए रविवार को भी फोर्स तैनात रही। दुकानदारों ने बताया कि चंद खुराफातियों ने ही बवाल करा दिया। अगर पुलिस पहले ही इन खुराफातियों पर नजर रखती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
एसपी अतुल कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। लापरवाही के आरोप में शाही चौकी इंचार्ज व जहानाबाद इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।