पीलीभीत में सियार का आतंक: दो घंटे में आठ ग्रामीणों पर किया हमला, घायलों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में शनिवार सुबह सियार ने दहशत फैला दी। दो घंटे में सियार ने हमला कर तीन बच्चों समेत आठ ग्रामीणों को घायल कर दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में बाघ और तेंदुए की दहशत के बीच अब सियार का आतंक बढ़ गया है। पूरनपुर क्षेत्र के बाद शनिवार सुबह जहानाबाद क्षेत्र के सुस्वार और पंसौली गांवों में आबादी के निकट पहुंचे सियार ने आठ लोगों को घायल कर दिया। घायलों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
सियार के हमले की घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। वहीं घायलों को ग्रामीणों की मदद से जहानाबाद सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। पहली घटना सुस्वार गांव में हुई, जबकि दूसरी घटना पड़ोस के ही गांव पंसौली में हुई।
अफसरों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
सियार के हमलों की घटनाओं के बाद पुलिस-प्रशासन और वन विभाग में खलबली मच गई। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, सीओ विधि भूषण के अलावा वन विभाग के अफसर सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। घटना को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
यह हुए घायल
सियार के हमले में सुस्वार गांव निवासी तीन वर्षीय पंकज, चार वर्षीय कलावती, तीन वर्षीय खुशी के साथ 23 वर्षीय जसवंत, 50 वर्षीय दीनदयाल, 17 वर्षीय रोशनी व 28 वर्षीय रूप लाल शामिल है। पंसौली गांव में भी एक ग्रामीण को घायल किया। सियार के हमलों के बाद इलाकों में दहशत बनी हुई है।
खेत में घास काटने गए सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर बिचपुरी निवासी हबीबुल्ला (60) और इसी गांव के अफरोज के पुत्र अमान (10) को सियार ने हमला कर घायल कर दिया। घायलों का निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया है।