लखनऊ से आईं साध्वी प्राची ने कहा कि प्रदेश सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है। सहारनपुर की घटना के नाम पर कुछ लोग प्रदेश सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। गुरुवार देर शाम बिहारीजी पब्लिक स्कूल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सहारनपुर की घटना को लेकर कुछ लोग वहां के दलितों को भड़का रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार सभी लोगों को विश्ववास में लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मायावती दिखावे में दलितों की बेटी बन रही हैं, जबकि सच्चे मायनों में वह दौलत की बेटी हैं। मायावती ने अपने शासन काल में दलितों का कोई ख्याल नहीं रखा। अब वह दलितों की हितैषी बनने का नाटक कर रही हैं। उन्होंने अपने संबोधन में आजम खां और नसीमुद्दीन सिद्दीकी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता जातिवाद की राजनीति कर रहे हैं और प्रदेश सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। तीन तलाक मुद्दे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मामला कोर्ट में चल रहा है। पूरा विश्वास है कि कोर्ट मुस्लिम महिलाओं को न्याय देगा। साध्वी ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर बहुत जल्द बनेगा, जिसे कोई भी नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश और देश में रामभक्तों की सरकार है। ऐसी अनुकूल परिस्थिति में अयोध्या में राममंदिर बनना तय है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल, विहिप और हिंदु युवा वाहिनी आदि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के क्रियाकलापों पर कुछ लोग उंगली उठा रहे हैं, जबकि सच्चे मायने में यही देश भक्त हैं। इस मौके पर मनोज त्रिपाठी, शिवेंद्र शुक्ला, लल्लन वर्मा, राहुल देव मिश्रा, अरविंद जायसवाल, विशाल ओसमंड, आकाश सक्सेना, अमर जायसवाल, विनीत कुमार,किशनलाल और बाबूराम शर्मा मौजूद थे। भाषण से पूर्व कुछ कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से साध्वी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहे।