Pilibhit News: हाईटेंशन लाइन से हुए हादसे की जांच करेगी चार सदस्यीय टीम, पिता-पुत्र की हुई थी मौत
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में रविवार रात हाईटेंशन लाइन से हुए हादसे में बस मालिक और उनके-पुत्र की मौत हो गई थी। डीएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। चार सदस्यीय टीम गठित करते हुए जल्द रिपोर्ट तलब की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के गौनेरी गांव के पास हाईटेंशन लाइन के झूलते तारों के निजी बस की छत से छू जाने से बस चालक और उनके पुत्र की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने घटना की विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित करते हुए जल्द रिपोर्ट तलब की है। वहीं, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते और जर्जर बिजली तारों का सर्वे कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम गौनेरी में रविवार देर रात हुए हादसे ने ग्रामीण और मृतक के परिजनों को झकझोर दिया। बरातियों को उतारने के बाद निजी बस को बैक करते समय हाईटेंशन लाइन के झूल रहे तारों से बस की छत छू गई थी। इससे बस चालक सज्जन खां (56) और उनके 16 वर्षीय पुत्र सुब्हान की मौत हो गई थी। पिता-पुत्र शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारूख के निवासी थे। घटना के बाद गौनेरी गांव के ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
चार सदस्यीय जांच टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। टीम में एसडीएम सदर, सीओ सदर, एआरटीओ व अधीक्षण अभियंता (विद्युत) को शामिल किया गया है। डीएम ने टीम को हादसे के कारणों, परिस्थितियों और संभावित जिम्मेदारियों की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर झूलते और जर्जर बिजली तारों का सर्वे कराने और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक हुए पिता-पुत्र
हादसे में जान गंवाने वाले सज्जन खां और उनके पुत्र सुब्हान के घर सोमवार को मातम पसरा रहा। रविवार रात पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे। सोमवार सुबह से ही मोहल्ले और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे नम आंखों और गमगीन माहौल के बीच पिता-पुत्र को मोहल्ले के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया।