Flood Update: पीलीभीत के मुख्य मार्गों पर पानी का तेज बहाव, बाढ़ की चपेट में 20 से अधिक गांव
पीलीभीत में देवहा नदी की बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को बाढ़ का पानी बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग और बरेली मार्ग पर बहने लगा। वहीं शहर की सड़कों पर भी जलभराव रहा।
विस्तार
पीलीभीत जिले में बारिश और बैराज से रिलीज पानी से उफनाई नदियों का कहर जारी है। पीलीभीत सदर, बीसलपुर, कलीनगर और पूरनपुर तहसील क्षेत्र के 20 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। हालांकि गांवों में भरा पानी कुछ कम हुआ है, लेकिन मुश्किलें अभी बरकरार हैं। उधर, पीलीभीत-बीसलपुर और बीसलपुर-बरेली मार्ग पर पानी तेज गति से बह रहा है।
बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर आवागमन थमा
देवहा नदी का पानी आ जाने से बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर आवागमन करने वालों की मुश्किलें बढ़ गईं। बाइक सवार जोखिम के बीच आवागमन करते रहे। सड़क कट जाने का खतरा भी बढ़ गया है। उधर, बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर गाजीपुर कुंडा के पास बाढ़ का पानी आ जाने से मंगलवार शाम से आवागमन थमा है। बुधवार को शहर में टनकपुर हाईवे पर भी पानी तेज गति से बह रहा है।
बरखेड़ा के गांवों में गिरे कच्चे घर, सड़क भी कटी
बारिश से बरखेड़ा क्षेत्र के गांव चिनोरा मुस्तकिल में दो ग्रामीणों के खपरैल पोश मकान गिर गए। इससे ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। उधर, घुघचाई-दियोरिया कला मार्ग पर जंगल के अंदर सड़क कट गई है। इससे आवागमन थम गया है। लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पीड़ितों की मदद में जुटा प्रशासन
गांवों में जलभराव की स्थिति से प्रशासन अलर्ट हुआ है। प्रभावित गांवों में लंच पैकेट और राहत सामग्री वितरित की जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया ने बुधवार को बीसलपुर क्षेत्र के प्रभावित पांच गांवों में पहुंचकर पीड़ितों को लंच पैकेट बांटे। बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा भी पीड़ितों से मिले और मदद का आश्वासन दिया।