पीलीभीत: चाय बनाते समय सिलिंडर से गैस लीक होने से घर में लगी आग, महिला झुलसी, घरेलू सामान जला
बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम भोपतपुर में रविवार सुबह गैस सिलिंडर से रिसाव के कारण एक मकान में आग लग गई। इससे हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान राख हो गया और एक महिला झुलस गई।
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम भोपतपुर में रविवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण एक मकान में आग लग गई। चाय बना रही महिला ने समय रहते रसोई से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, आग लगने से घर में रखी नकदी, कपड़े, बर्तन समेत हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में एक महिला के हाथ भी झुलस गए।
ग्राम भोपतपुर निवासी मिथलेश कुमारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे घर में उनकी सास कलावती रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर से रिसाव होने लगा। देखते ही देखते आग भड़क उठी और रसोई में लपटें फैल गईं। आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। उस समय परिवार के पुरुष खेतों में काम करने गए थे और घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं।
ग्रामीणों ने एक घंटे के बाद पाया काबू
लपटें उठती देख महिला किसी तरह रसोई से बाहर निकल आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान मिथलेश के हाथ आंशिक रूप से झुलस गए। रसोई में रखे उपले भी आग की चपेट में आकर जल गए।
आग से रसोई का सामान, बर्तन, तख्त, लकड़ी की अलमारी, गद्दे, लिहाफ और बच्चों के कपड़े जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा घर में रखे पांच हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। तेज लपटों के कारण छत की टीन के नीचे लगे लकड़ी के तख्ते भी चटक गए। हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
