पूरनपुर। नगर में अभियान चलाकर फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण करने वालाें को दोबारा फुुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा अतिक्रमणकारियों से 21,600 रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया।
बुधवार को नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित, ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने असम हाईवे के सिरसा चौराहा से कोतवाली होकर स्टेशन चौराहा तक, शेरपुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग फुुटपाथ से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की। दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। कोतवाली मार्ग पर बिजली ट्रांसफार्मर रखने को बनाए जा रहे पक्के फाउंडेशन को रुकवाकर सड़क से दूर फाउंडेशन बनाने के निर्देश दिए। अभियान समाप्त होने के बाद अतिक्रमणकारियों ने फिर फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया। नगर पालिका ईओ ने बताया कि 21,600 रुपये जुर्माना वसूला गया। अभियान लगातार चलता रहेगा।