तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह और प्रशिक्षु सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण के निर्देशन में नगर पालिका ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान मंगलवार से शुरू कर दिया। पहले दिन बाजार रोड, रामलीला मेला मैदान, शेरपुर रोड, स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाया गया। प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध किया। नगर के स्टेशन रोड, सीमेंट रोड, ब्लाक रोड, कोतवाली रोड, कोतवाली के समीप सहित करीब पूरे नगर की मुख्य सड़कों पर खोखे और सामान दुकान के बाहर रखकर अतिक्रमण कर रखा है। इससे दिन में कई बार जाम से राहगीरों को जूझना पड़ता है। 22 अप्रैल को कोतवाली में व्यापारियों के साथ हुई बैठक में अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया था। व्यापारियों ने अतिक्रमण चिह्नित करने और दुकानों के बाहर निर्धारित दूरी पर लाइन खिंचावने की मांग की थी। तय हुआ था कि इस लाइन के बाहर रखा गया सामान अतिक्रमण माना जाएगा। मंगलवार को पुलिस-प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान में बाजार रोड, सीमेंट रोड, रामलीला मेला मैदान के कुछ हिस्से, शेरपुर रोड, स्टेशन रोड के कुछ हिस्सों से नालों पर पड़ी स्लेव को हटवाया। स्टेशन चौराहा पर पहुंचने पर उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी ने कार्रवाई के दौरान भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध किया। उनका कहना था कि बैठक में तय हुआ था कि जिन दुकानदारों की दुकानों के बाहर स्लेव पड़े है, जिससे सफाई कर्मचारियों को परेशानी होती है। उन्हें चिह्नित कर व्यापारी को 48 घंटे का समय दिया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया।