जनपद का माहौल खराब नहीं होने देंगे : मलिक
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी कीमत पर जनपद का माहौल खराब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में जहर घोलने का प्रयास कर रहे हैं। उनके इरादों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कस्बे के एक बेंक्वेट हॉल में प्रबुद्ध सम्मेलन में अधिवक्ता, शिक्षक व शिक्षित युवाओं व ग्रामीणों ने भाग लिया। सम्मेलन में विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के नारे पर काम कर रही है। सरकार किसान व गरीबों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों के लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं। जनपद की फिजा खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। किसी भी कीमत पर जनपद का वातावरण खराब नहीं होने देंगे। प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन ने भी सरकार के कार्यों का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में विकास कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विकास के नाम पर हर क्षेत्र पर ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर कार्यक्रम के जिला संयोजक भूदेव सिंह, रामनाथ सिंह, प्रमेश सैनी व राजेश संगल आदि ने भी विचार व्यक्त किए। संवाद