मोरना। गाजियाबाद के डासना में 28 से 30 जुलाई तक आयोजित अंडर-23 यूपी कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटे पहलवानों को सम्मानित किया गया। शुकतीर्थ के शुकदेव सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज ने कहा कि युवाओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर स्वर्ण पदक जीतकर समाज और परिवार का मान बढ़ाया है। जनहित स्पोर्ट्स एकेडमी सोरम के कोच विशु बालियान ने बताया कि 74 किलोग्राम भार वर्ग में छछरौली के तुषार दहिया ने फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक, 70 किलोग्राम भार वर्ग में भोकरहेड़ी के रिजवान और 65 किलोग्राम भार वर्ग में भुम्माखेड़ी के मोहित तोमर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने पहलवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। गुरुकुल आश्रम के आचार्य इंद्रपाल आर्य, मनोज शर्मा, किरण पाल, श्रवण, मोहित सहरावत, नितिन, मनोज, अनुज पहलवान, रोहित राणा, दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।