खतौली। विद्युत निगम द्वारा किए जा रहे तार बिछाने का काम बीच में ही छोड़े जाने के कारण हुई गोवंश की मौत तथा विद्युत निगम द्वारा भेजे जा रहे गलत बिलों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन आफिस पर हंगामा करते हुए एसडीओ का घेराव किया। एक सप्ताह में काम पूरा कराए जाने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
गांव इंचैड़ा निवासी सतपाल सिंह के गाय और बैल विद्युत निगम के तारों की चपेट में आने से मर गए थे। इसकी सूचना भाकियू नेताओं को दी गई, जिस पर भाकियू नेता कपिल सोम के नेतृत्व में कार्यकर्ता एक्सईएन आफिस पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले से अवगत कराते हुए तारों का काम पूरा कराए जाने की मांग की। इसी बीच भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीओ देहात पुष्पदेव का भी घेराव किया। भाकियू कार्यकर्ताओं का आरोप था कि किसानों के बिजली बिल अधिक बढ़ाकर भेजे जा रहे हैं। जिस कारण ग्रामीण परेशान हैं। काफी देर चले हंगामे के बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने रुका हुआ तारों का काम एक सप्ताह में पूरा कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीण शांत हो गए। मौके पर कपिल सोम, मनोज सहरावत, राकेश चौधरी, रोशन पंडित, शुभम, खड़क सिंह, प्रवेंद्र ढाका, प्रभात सैनी, सूरज बालियान, अशोक तोमर आदि शामिल रहे।