नवरात्र में चहके बाजार, उमड़ी भीड़
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 के चलते पिछले सात माह से मंदी की मार झेल रहे बाजार नवरात्र शुरू होते ही चहक उठे हैं। दूसरे नवरात्र को भी बाजार में भारी भीड़ रही, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। शहर के भगतसिंह रोड, शिवचौक, झांसी रानी के साथ ही सराफा बाजार में भीड़ रही, जिससे कई बार जाम की भी स्थिति बनी। पूजन सामग्री के साथ ही साज-श्रृंगार व ज्वेलरी शॉप में महिलाओं की आवाजाही ने ठहरे बाजार की रफ्तार तेज कर दी, वहीं नारियल व फलों के साथ ही आलू के दामों में भी उछाल देखने को मिला। पिछले एक सप्ताह ही की बात करें तो मां दुर्गा की पूजा में काम आने वाले नारियल के दाम 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये तक जा पहुंचे। वहीं, एक सप्ताह पूर्व तक 60 रुपये में बिक रहा कश्मीरी सेब बढ़कर 80 से सौ रुपये प्रति किलो, 50 रुपये किलो में बिक रही मौसमी बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो, अनार सौ रुपये किलो से बढ़कर 120 रुपये किलो और केला 45 रुपये दर्जन से बढ़कर 60 रुपये प्रति दर्जन तक जा पहुंचा है।