यूपी: महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन छात्र दबोचे, शौक पूरा करने के लिए करते थे चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड पर एक महिला सोमवार शाम घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसे देख बाइक सवार आरोपी एटूजेड कॉलोनी में घुस गए। वहां पुलिस ने लोगों के सहयोग से आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में गांव अलमासपुर निवासी अजय कुमार, लक्की सैनी व राहुल शामिल हैं, जिनके पास से एक बाइक, दो चोरी के मोबाइल बरामद किए गए हैं।
आरोपियों से पूछताछ में मोबाइल छीनने वाले गिरोह के दो अन्य साथियों की भी जानकारी मिली है, जिनमें उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के लक्सर निवासी विक्रांत उर्फ विक्की और सचिन शामिल हैं। उक्त दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव कैथोड़ा निवासी सुनील ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शौक पूरा करने के लिए करते थे चोरी
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड पर महिला से मोबाइल छीनकर भागते समय पकड़े गए तीनों आरोपी छात्र हैं। अलमासपुर निवासी अजय कुमार इंटर का छात्र है। बरामद की गई बाइक भी अजय की ही बताई जा रही है।
वहीं, राहुल कक्षा आठ तक पढ़ा है, लक्की सैनी हाईस्कूल प्राइवेट का छात्र है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने शौकिया तौर पर ही मोबाइल छीनने की जानकारी दी है, जिनसे पुलिस अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।