बिजलीघर में 11 केवी की केबिल खराब, कई मोहल्लों में आपूर्ति ठप
देवबंद। सांपला मार्ग स्थित बिजलीघर में 11 केवी का केबिल डैमेज (खराब) होने के चलते नगर के दर्जनों मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति कई घंटे ठप रही। हालांकि निगम अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए इन मोहल्लों में आपूर्ति चालू की।
विद्युत निगम के अवर अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर सांपला मार्ग स्थित बिजलीघर में 11केवी की केबिल खराब होने के चलते दोपहर के समय आपूर्ति बंद हो गई। जिसकी वजह से नगर के मोहल्ला छिंपीवाड़ा, मेन बाजार, मिरगपुर गांव, जोशीवाड़ा, गुज्जरवाड़ा, रविदास मार्ग, कोहला बस्ती सहित अन्य मोहल्लों की आपूर्ति बाधित हुई है। बताया कि रणखंडी फीडर से जोड़कर इन मोहल्लों में आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। ताकि लोगों को परेशानी न हो। अश्वनी कुमार ने बताया कि केबिल को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। सोमवार की शाम तक इसे दुरुस्त कर लिया जाएगा।