देवबंद। क्षेत्र के तिघरी गांव में रास्ते में खड़ी ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली हटाए जाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद युवक ने एक वृद्ध को गोली मारकर घायल कर दिया। जिसे गंभीर हालत में सीएचसी से सहारनपुर और वहां से चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। बताया गया है की दोनों पक्षों के बीच कहासुनी को लेकर पहले से रंजिश भी चला रही थी।
तिघरी गांव निवासी मंजूर का पुत्र वसीम बृहस्पतिवार को गांव में ट्रैक्टर ट्राली से ईंट उतार रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे गांव निवासी शहजाद की ट्राली हटाने को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने बताया की कहासुनी के बाद वसीम ने शहजाद के साथ मारपीट की। जिसके बाद वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह वापस पहुंचा और वहां मौजूद वसीम के पिता मंजूर पर तमंचे से फायर कर दिया। जिसमें गोली लगने से मंजूर घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल और वहां से नाजुक हालत के चलते उसे चंड़ीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर का कहना है की मामले में तहरीर नहीं मिली है। वहीं, बताया गया है की वसीम और शहजाद के बीच मारपीट को लेकर पुरानी रंजिश भी चल रही है।