शुकतीर्थ से गंगाजल लेकर निकले शामली के कांवड़िये
मुजफ्फरनगर, भोपा। उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध होने के कारण कांवड़ियों ने तीर्थनगरी शुकतीर्थ से गंगाजल लेकर जाना शुरू कर दिया है। बुधवार को शामली जनपद के कांवड़िये शुकतीर्थ से गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
कांवड़ यात्रा के प्रतिबंध के बावजूद शिवभक्तों की आस्था कम नहीं हो रही है। उत्तराखंड में प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने के चलते कांवड़ियों ने इस बार शुकतीर्थ गंगा घाट का रुख किया है। बुधवार को शामली क्षेत्र के कांवडिये शुकतीर्थ पहुंचे और गंगा घाट से जल लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए। इनमें जिला शामली के गांव खरड़ फुगाना निवासी ललित मलिक, सुनील कुमार, कपिल कुमार, देवेश कुमार, सुमित कुमार और संदीप कुमार शामिल हैं। कांवड़ियों ने बताया कि वे पिछले दस वर्षों से हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गांव स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते हैं। इस बार कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध होने के कारण वे हरिद्वार तो नहीं जा सके, इसलिए शुकतीर्थ से गंगाजल लेकर अपने अराध्य देव का जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने सरकार से शुकतीर्थ का विकास हरिद्वार की तर्ज पर करने की मांग की।