शाहपुर। क्षेत्र के गांव तावली निवासी बॉडी बिल्डर मोहम्मद साउद का चयन स्पेन में आगामी चार से छह जून तक होने वाली ओलंपिया चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
गांव तावली निवासी किसान जमशेद अली के मंझले बेटे मोहम्मद साउद बॉडी बिल्डिंग में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई खिताब जीतकर ख्याति अर्जित कर चुके हैं। साउद ने बताया कि वे दो बार वर्ल्ड चैंपियन, चार बार मिस्टर इंडिया, एक बार मिस्टर यूनिवर्स का खिताब जीतने के साथ ही पीसीए-प्रो और मियामी-प्रो में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। अमेचर ओलंपिया में भी वे रजत पदक पर कब्जा जमा चुके हैं। मोहम्मद साउद ने बताया कि अब आईएफबीबी प्रो-लीग स्पेन यूनिवर्सल फिटनेस कंपनी एसएल के सीईओ एमिलियो मार्टिनेज ने उन्हें चार से छह जून तक स्पेन के शहर एलिकेंट में होने वाली मिस्टर ओलंपिया अमेच्योर स्पेन चैंपियनशिप के लिए आमंत्रण भेजा है। ओलंपिया चैंपियनशिप का आमंत्रण मिलने से मोहम्मद साउद के साथ ही उसकी माता जैबुन, चाचा हाजी इदरीश चौधरी, भाई शाकिर, सादिक, जाबिर व शाहिद के साथ ही ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।