किसानों को लुभा रही गन्ने की रिंग पिट विधि
मुजफ्फरनगर, मोरना। मोरना क्षेत्र के किसान गन्ने की बंपर पैदावर लेने के लिए नई विधि का प्रयोग कर रहे हैं। गांव तिस्सा के किसान तेजपाल ने रिंग पिट विधि से पांच बीघा गन्ने की बुवाई कर रखी है। खेत में खड़ी गन्ने की फसल को देख राहगीरों के कदम बरबस रुक जाते हैं।
विकास खंड मोरना के गांव तिस्सा में तेजपाल पुत्र बाबूराम मध्यम वर्गीय किसान हैं। गन्ने की अधिकतम पैदावार लेने के लिए उन्होंने रिंग पिट (गड्ढा विधि) से गन्ने की बुवाई की है। 5-5 फुट वर्गाकार की दूरी से गन्ने की फसल की लाइन खेत में कहीं पर खड़े होकर देखें तो सीधी दिखाई दे रही है। किसान पुत्र नीटू, बबलू और गोली ने बताया कि रिंग पिट विधि से खेत में गन्ने की बुवाई से किसान पांच साल तक पेडी फसल की पैदावार ले सकता है, इससे गन्ने की पैदावार कम नहीं होगी। वहीं फसल में अन्य विधि से बोए गन्ने की फसल के मुकाबले इस विधि से बोए गन्ने की फसल में रोग से लड़ने की अधिक क्षमता होती है।